पर्यवेक्षकों ने चेतावनी दी है कि परमाणु हथियार संपन्न उत्तर कोरिया सैटेलाइट लांच की आड़ में परमाणु परीक्षण कर रहा है। पर्यवेक्षकों ने यह चेतावनी तब दी है जब मंगलवार को दक्षिण कोरियाई मीडिया से यह खबरें आईं कि उत्तर कोरिया सैटेलाइट लांच करने की तैयारी कर रहा है।
उत्तर कोरिया पर परमाणु और मिसाइल परीक्षण करने को लेकर संयुक्त राष्ट्र ने कई प्रतिबंध लगा रखे हैं और उस पर उपग्रहों समेत बैलिस्टिक मिसाइल तकनीक का इस्तेमाल कर कोई भी प्रक्षेपण करने पर रोक लगा रखी है। दक्षिण कोरियाई सरकार के एक सूत्र के हवाले से दक्षिण कोरियाई मीडिया ने कहा कि विभिन्न माध्यमों से हमें हाल ही में यह पता चला है कि उत्तर कोरिया ने नई सैटेलाइट तैयार कर ली है और उसे क्वांगम्योंगसोंग-5 नाम दिया है।
ये भी पढ़ें- उत्तर कोरिया का परमाणु बम चुराने की तैयारी में अमेरिका
उनकी योजना कैमरों और दूरसंचार यंत्रों से लैस सैटेलाइट को अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित करना है। दक्षिण कोरियाई सेना के जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ के प्रवक्ता ने कहा कि उनका देश उपग्रह प्रक्षेपण की आड़ में लंबी दूरी के मिसाइल परीक्षण समेत उकसावे वाले कृत्यों पर नजर रख रहा है।
यह खबरें तब आई हैं जब उत्तर कोरिया की सत्तारूढ़ पार्टी के अखबार ने कहा कि उनके देश को उपग्रह प्रक्षेपित करने और अपनी अंतरिक्ष तकनीक विकसित करने का अधिकार है।
पहले भी आंखों में धूल झोंक चुका है :
इससे पहले उत्तर कोरिया ने फरवरी 2016 में क्वांगम्योंगसोंग-4 सैटलाइट का प्रक्षेपण किया था। उत्तर कोरिया के इस प्रक्षेपण को अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने दिग्भ्रमित करने वाला बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण माना था।