उत्तर कोरिया ने शुक्रवार रात बैलिस्टिक मिसाइल दागी है, जो जापान सागर में जा गिरी। इसके बाद जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने जापान के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक बुला ली। अाबे ने कहा कि हमें सूचना मिली है कि उत्तर कोरिया ने मिसाइल दागी है।
हम सूचना का विश्लेषण कर रहे हैं और जापान के लोगों की सुरक्षा की रक्षा करना हमारी पूरी कोशिश होगी। हालांकि मिसाइल किस प्रकार की थी, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। सनद रहे कि 4 जुलाई को उत्तर कोरिया ने अपना पहला अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का टेस्ट परीक्षण किया था।
जापान सरकार के प्रवक्ता योशिहिदे सुगा ने कहा कि मिसाइल शुक्रवार को दागी और मिसाइल 45 मिनट तक आसमान में चक्कर काटती रही और उसके बाद जापान और कोरियाई प्रायद्वीप के बीच जापानी तट के निकट जापान सागर में जा गिरी।
तटवर्ती सुरक्षा गार्ड ने लड़ाकू विमानों और युद्धपोतों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी कर दी गई है। दक्षिण कोरिया और अमेरिका ने भी उत्तर कोरिया द्वारा मिसाइल दागे जाने की पुष्टि की है। पेंटागन के प्रवक्ता नेवी कैप्टन जेफ डेविस ने कहा कि हमें सूचना मिली है और जल्द ही हमें और सूचना मिल जाएगी।
दक्षिण कोरिया के संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ ने कहा कि मिसाइल उत्तर कोरिया के उत्तरी जागैंग प्रांत से दागी गई है।