उत्तर कोरिया ने अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA पर आरोप लगाया है कि वह उनके तानाशाह शासक किम जोंग-उन की हत्या की साजिश बना रही है। राजधानी प्योंगयांग से उत्तर कोरिया ने आरोप लगाया कि अमेरिका की CIA के अलावा इस षड्यंत्र में दक्षिण कोरिया की इंटेलिजेंस सर्विस (IS) भी शामिल है। दोनों साथ मिलकर किम जोंग को मारने की प्लानिंग कर रहे हैं। दोनों एजेंसियां बायोकेमिकल हथियार से हमले को अंजाम दे सकती हैं।
स्टेट मीडिया के जरिए आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय ने अपने बयान मे कहा कि CIA और IS ने एक समूह को इस काम की जिम्मेदारी सौंपी हैं। उन्हें चुपचाप उत्तर कोरिया की सीमा के अंदर भेजा गया है। इस समूह का मकसद हमारे नेता किम जोंग-उन की हत्या करना था।
मंत्रालय का आरोप है कि जून 2014 में रूस में काम कर रहे उत्तर कोरिया के एक नागरिक को भी इस साजिश में शामिल किया गया। मंत्रालय का कहना है कि दोनों खुफिया एजेंसियों ने एक स्थानीय नागरिक को पैसे देकर इस काम के लिए राजी किया। उसका काम रूस से लौटने के बाद एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान किम जोंग की हत्या करना था।