म्यांमार में लोकतंत्र के लिए लंबी लड़ाई लड़ने वाली नोबेल पुरस्कार विजेता आंग सान सू की इतिहास बनाने के करीब पहुंच गई हैं। उनकी पार्टी नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) ने सोमवार को दावा किया है कि उसने संसद की 70 फीसदी से ज्यादा सीटें जीत ली हैं। वहीं सेना समर्थित सत्ताधारी पार्टी यूनियन सॉलिडैरिटी एंड डेवलपमेंट पार्टी (यूएसडीपी) ने अपनी हार स्वीकार ली है।
हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी आधिकारिक तौर पर चुनाव के नतीजों का ऐलान नहीं किया है, जिस वजह से अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। म्यांमार में 25 सालों बाद कराए जा रहे इस आम चुनाव पर दुनिया भर की निगाहें टिकी हुई हैं। सू की की पार्टी एनएलडी चुनाव में ऐतिहासिक जीत का दावा कर रही है। व्यावसायिक राजधानी और यूएसडीपी के गढ़ यंगून में ही पहली 16 सीटों की मतगणना में आए नतीजों में से शानदार 15 विपक्ष में रही एनएलडी के पक्ष में आए हैं।
पार्टी ने यहां निचले सदन की 12, जबकि 3 सीटें क्षेत्रीय संसद के लिए जीती है। हर ओर मतगणना में मिल रही बढ़त को देखते हुए सू की के समर्थकों में भारी उत्साह है। पार्टी के प्रवक्ता विन हतेइन ने कहा कि गैर आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक एनएलडी ने अब तक 70 फीसदी से ज्यादा सीटें जीत ली हैं। संविधान के अनुसार संसद की 25 प्रतिशत सीटें सेना के प्रतिनिधियों को मिलेंगी जिसके लिए चुनाव नहीं होंगे। कुल उपलब्ध 75 फीसदी सीटों में से किसी भी पार्टी को बहुमत के लिए 67 फीसदी मत प्राप्त करने होंगे।