प्लास्टिक सर्जरी के एक विज्ञापन में बिना इजाजत अपनी तस्वीर दिए जाने से नाराज एक ताइवानी मॉडल ने क्लीनिक और विज्ञापन एजेंसी के खिलाफ मुकदमा करने की धमकी दी है।
हीदी ये की यह तस्वीर इंटरनेट पर 'मीम' (लोगों के मजाक का विषय) बन गई है ताइपेई में बीबीसी की सिंडी सुई से हीदी ने कहा कि इस तरह से बिना इजाजत के तस्वीर इस्तेमाल करने से उनकी जिंदगी नरक बन गई है। अपने आंसुओं को रोकने की कोशिश करते हुए हीदी ने कहा, “इस घटना से मेरा जो सबसे बड़ा नुकसान हुआ है वो ये कि अब मैं मॉडल नहीं रहना चाहती, क्योंकि मॉडल होने के नाते ही लोगों ने मुझे इस तरह ठेस पहुंचाई। मैं अब कहीं छुप जाना चाहती हूँ।”
उनकी मुश्किलें साल 2012 में तब शुरू हुई जब ताइवानी कॉस्मेटिक क्लीनिक में प्लास्टिक सर्जरी को बढ़ावा देने के संबंध में एक विज्ञापन का फोटो शूट हुआ था। फोटो में बड़ी आंखों और सुगढ़ नाक वाले एक जोड़े और उनके तीन बच्चों को दिखाया गया था।
इन बच्चों की तस्वीरों में उनकी आंखें बहुत छोटी और नाक को बहुत चपटी बना दिया गया था। इसके नीचे कैप्शन दिया गया थाः आप निश्चित ही इन बच्चों के बारे में सोच रहे होंगे।
जेडब्ल्यूटी ने करार से उलट किया काम
हीदी का कहना है कि ताइपेई में अमरीकी विज्ञापन कंपनी जे वॉल्टर थॉम्प्सन (जेडब्ल्यूटी) और उनकी एजेंसी के बीच जो करार हुआ था, उसमें कहा गया था कि यह तस्वीर केवल अखबारों, पत्रिकाओं और उस क्लीनिक द्वारा ही इस्तेमाल की जाएंगी।
लेकिन जेडब्ल्यूटी ने एक और प्लास्टिक सर्जरी क्लीनिक ‘सिम्पल ब्यूटी’को उसकी वेबसाइट पर इसके इस्तेमाल की इजाजत दे दी। इस तस्वीर को जेडब्ल्यूटी की वेबसाइट पर भी लगा दिया गया। लेकिन अभी बहुत वक़्त नहीं बीता था कि नए कैप्शन के साथ यह इंटरनेट पर वायरल हो गई।
कैप्शन में लिखा थाः प्लास्टिक सर्जरी- ‘आप हमेशा के लिए नहीं छुपा सकते।’ इसके बाद साल 2012 में एक चीनी टैबलॉयड ने वर्ष 2004 की एक कहानी फर्जी तरीके से छापी और इसमें हीदी के फोटोशूट वाली तस्वीर लगा दी।
कहानी थी कि हीलोंगजियांग के एक आदमी ने अपनी पत्नी पर ये आरोप लगाते हुए मुकदमा दायर कर दिया कि उसने शादी से पहले प्लास्टिक सर्जरी कराई थी क्योंकि उनके बच्चे अपनी मां जैसे बिल्कुल नहीं दिखते थे।
अफवाहों के कारण दूर हुआ ब्वायफ्रेंड
हीदी कहती हैं, “जब मेरे एक दोस्त ने ये कहानी बताई तो मैंने सोचा यह अफवाह है, लेकिन इसके बाद मैंने पाया कि पूरी दुनिया में अलग-अलग भाषा में इसे फैलाया जा रहा है।
लोगों ने सोचा कि यह असली कहानी है। यहां तक कि उस समय मेरे ब्वॉय फ्रेंड ने भी इसके बारे में मुझसे पूछा।” यह कहानी गूगल पर अरबी, अंग्रेजी और जापानी समेत कई भाषाओं में आ गई और एक ग्लोबल ‘मीम’(मजाकिया तस्वीर) बन गई।
फास्टफूड शृंखला केएफसी, कंप्यूटर कंपनी वायो और जापानी फेशियल प्रोडक्ट के बड़े ब्रांड के लिए टीवी कमर्शियल कर चुकी हीदी को काम मिलना धीरे-धीरे कम हो गया। वो कहती हैं, “लोगों को मेरे ऊपर भरोसा ही नहीं रह गया कि मैंने कभी प्लास्टिक सर्जरी नहीं कराई थी। क्लाइंट पूछते कि क्या आप वही महिला हैं। इसके बाद मुझे विज्ञापन मिलने कम हो गए।”
उनके मुताबिक, इस घटना ने उनकी निजी जिंदगी पर भी असर डाला। उन्हें लगता है कि उनका ब्वॉयफ्रेंड इन अफवाहों की वजह से ही उनसे अलग हो गया। हीदी ने बताया कि उनके परिवार और उनके मंगेतर के परिवार ने भी इस बारे में उनसे पूछताछ की। यहां तक कि सार्वजनिक जगहों पर अनजान लोग भी उन्हें पहचान जाते थे और फुसफुसाहट शुरू हो जाती थी।
उन्होंने जेडब्ल्यूटी और क्लीनिक पर 50 लाख डॉलर का मुकदमा करने धमकी दी है। वो कहती हैं कि उन्होंने काफी कोशिश की कि क्लीनिक और विज्ञापन एजेंसी इस तस्वीर को हटा लें लेकिन अभी थोड़े दिन पहले तक उन्होंने ऐसा नहीं किया।
ताइपेई के सिटी काउंसलर की मदद से उन्होंने अभी कुछ दिन पहले ही एक प्रेस कान्फ्रेंस में मुकदमे की धमकी दी है।