अपने परमाणु परीक्षण के दम पर दुनिया में दहशत मचा रहे उत्तर कोरिया को खुद इसकी कीमत चुकानी पड़ी है। उसकी एक परमाणु परीक्षण साइट पर एक सुरंग के ढहने से कम से कम 200 लोग मारे गए हैं।
जापान के एक चैनल की न्यूज रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। चैनल के मुताबिक, उत्तर कोरिया की ओर से किए अंतिम परमाणु परीक्षण के दौरान ये सुरंग ढह गई थी। अनाम सूत्रों के हवाले से ‘टीवी आशी’ ने कहा है कि प्यूंगी-री में यह दुर्घटना सितंबर महीने में हुई। इसकी जानकारी अब सामने आई है।
तीन सितंबर को उत्तर कोरिया ने अपना छठा और सबसे बड़ा भूमिगत परमाणु परीक्षण किया था। बताया जा रहा है कि शुरुआती हादसे में 100 मजदूरों की जान चली गई। इसके बाद जब सुरंग में बचाव अभियान चलाया जा रहा था तो उसका एक और हिस्सा ढह गया, जिससे मरने वालों की संख्या 200 पहुंच गई।
चैनल का दावा है कि यह हादसा एटमी परीक्षण के चलते हुआ। विशेषज्ञों ने भी चेताया था कि भूमिगत परीक्षण के चलते आसपास के इलाकों के पहाड़ दरक सकते हैं और चीन सीमा के समीप वायुमंडल में रेडियेशन फैल सकता है।
इस एटमी परीक्षण साइड पर उत्तर कोरिया ने 2006 से लेकर अब तक करीब 6 परीक्षण किए हैं। तीन सितंबर को किए गए छठे परीक्षण के एक दिन बाद सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला कि उत्तर कोरिया की इस साइट पर विस्फोट के चलते कई जगह भूस्खलन हुए।
धमाका इतना तेज था कि 6.3 तीव्रता का भूकंप आया। कुछ मिनटों बाद 4.1 तीव्रता का एक और भूकंप आया था।जापान का कहना है कि उत्तर कोरिया ने तीन सितंबर को जिस हाइड्रोजन बम का परीक्षण किया था, वह 1945 में हिरोशिमा पर गिराए गए परमाणु बम से आठ गुना ज्यादा शक्तिशाली था।