अफगानिस्तान में हिमस्खलन की चपेट में आकर 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। हिमस्खलन भारी बर्फबारी के बाद शुरू हुआ।
पंजशीर प्रांत के कार्यवाहक गवर्नर अब्दुल रहमान कबीरी ने बताया कि वहां कम से कम 90 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि करीब 100 घर, दो स्कूल और एक मस्जिद इस हिमस्खलन में पूरी तरह तबाह हो गए हैं।
बबीसी से बातचीत में अब्दुल रहमान ने कहा, ''आम लोग बर्फ हटाने के काम में जुटे, लेकिन हमारे राहतकर्मियों का वहां पहुंच पाना मुश्किल है। वहां जाने के लिए हमें 40 किलोमीटर लंबे रास्ते को साफ करना होगा। हमने राज्य की मुख्य सड़क को साफ करने की कोशिश की है जो गोलबर ए नॉव इलाके से गवर्नर के दफ़्तर तक आती है जिससे कि राहत के लिए रास्ता बनाया जा सके। हालांकि मदद अब तक नहीं पहुंची है।''
भारी बर्फबारी के कारण ज्यादातर सड़कें बंद हो गई हैं। सुदूर इलाकों में लोगों तक पहुंच पाना बेहद मुश्किल साबित हो रहा है। स्थानीय लोग खुद ही राहत के काम में जुटे हैं और इन्हें मदद नहीं मिल रही है।
अफगानिस्तान में हल्की ठंढ रहती है लेकिन इस मौसम में भारी बर्फबारी ने लोगों को हैरत में डाल दिया है।