तुर्की के विदेश मंत्री ने कहा है कि उनका देश सऊदी पत्रकार जमाल खशोगी की वाणिज्य दूतावास के भीतर हत्या के मामले की सच्चाई को सामने लाने से पीछे नहीं हटेगा। विदेश मंत्री मेवलट चावुसोग्लू ने एक सम्मेलन से इतर कहा,‘‘हमें सऊदी अरब की ओर से जांच के बारे में कोई नयी जानकारी नहीं मिली है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तुर्की इस पर पीछे नहीं हटेगा, हम अंत तक जाएंगे।’’ गौरतलब है कि इस माह की शुरूआत में मंत्री ने कहा था कि तुर्की दो अक्तूबर को हुई इस हत्या के मामले की संभावित अमेरिकी जांच पर बातचीत कर रहा है। तुर्की के अधिकारियों का दावा है कि सऊदी शासन के धुर आलोचक, 59 वर्षीय खशोगी की सऊदी अरब के ही 15 लोगों के एक दल ने हत्या कर उनके शव के टुकड़े टुकड़े का उसे ठिकाने लगा दिया। तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन का कहना है कि खशोगी की हत्या सऊदी सरकार के उच्च स्तर से मिले आदेश पर हुई।
सऊदी पत्रकार जमाल खशोगी अमेरिकी नागरिक थे। उनकी इसी साल अक्तूबर माह में इस्तांबुल दूतावास में हत्या कर दी गई थी। उनके देहांत के बाद मशहूर टाइम मैगजीन ने सऊदी पत्रकार जमाल खशोगी को सम्मान देते हुए उन्हें 2018 के 'टाइम पर्सन ऑफ द ईयर' के लिए चुना था।