तुर्की के एक शख़्स की ख़्वाहिश है कि वह 50 बच्चे पैदा करें। अपनी चार बीवियों से 32 बच्चे वह पहले ही पैदा कर चुके हैं। ' हुर्रियत डेली न्यूज़' वेबसाइट के अनुसार तुर्की में बहुविवाह ग़ैर-क़ानूनी है। इसके बावजूद हालित तकीन ने 1982 में पहली आधिकारिक शादी के बाद अनाधिकारिक तौर पर तीन और शादियां कीं।
54 साल के तकीन तुर्की के दक्षिणी प्रांत हताय में रहते हैं। उनकी पहली बीवी ने हाल ही में एक लड़के को जन्म दिया, जिसका नाम अहमत रखा गया है। उनका कहना है, "आज मेरे 32 बच्चे हैं और उनमें से 12 लड़के हैं। मैं उन सबको प्यार करता हूं। अगर मेरे स्वास्थ्य ने मेरा साथ दिया और ख़ुदा की मर्ज़ी रही तो मैं इस तादाद को 50 तक ले जाना चाहूंगा।"