स्विटजरलैंड की सरकार ने ललित मोदी और उनकी पत्नी मिनाल का नाम उन लोगों में शामिल किया है। जिनके बारे में भारतीय अधिकारियों ने वहां के कर विभाग से जानकारी मांगी है।
मंगलवार को दो अलग-अलग जारी की गई अधिसूचनाओं में स्विस फेडरल टैक्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफटीए) ने ललित मोदी और उनकी पत्नी को जवाब देने के लिए दस दिनों की मोहलत दी है।
इसमें से एक अधिसूचना भारतीय नागरिक ललित मोदी के लिए है तो दूसरी अधिसूचना उनकी पत्नी मिनाल मोदी के लिए है। अधिसूचना के बारे में जानने के लिए किए गए एसएमएस और ईमेल का ललित मोदी ने कोई जवाब नही दिया है।
इससे पहले भी दूसरे कई भारतीयों के नाम कर संबंधी जांच के मामले में एफटीए की ओर से जारी की गई अधिसूचना में आए है। स्विस कानून के मुताबिक कर संबंधी कई मामलों में भारत के अधिकारियों की पहल पर स्विटजरलैंड भारत के साथ सूचनाएं साझा करता है।
ताजा अधिसूचना उस वक्त आई है। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्विटजरलैंड के दौरे पर अगले हफ्ते रवाना होने वाले है और उम्मीद यह की जा रही है कि काले धन से निपटने के लिए दोनों देशों के बीच मजबूत समझौता होने वाला है।
ललित मोदी ने आईपीएल की शुरुआत की थी। पहले तीन सीजन में इसके कमिश्नर रहे। लीग के संचालन में वित्तीय अनियमितताओं और दो नई टीमों की नीलामी के दौरान गलत तरीके अपनाने के लिए आईपीएल 2010 के आयोजन के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था।