उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग-उन को लेकर एक और अजीबोगरीब खुलासा हुआ है। साल 2004 में एक 24 वर्षीय अमेरिकी छात्र डेविड स्नेडडोन के चीन में मौत की खबर आई थी। बाद में उसे मृत भी घोषित कर दिया गया था, लेकिन यह छात्र मरा नहीं था।
दरअसल, उत्तर कोरिया के तानाशाह को अंग्रेजी सीखनी थी और इसके लिए एक अच्छे प्रशिक्षक की जरूरत थी। लिहाजा डेविड को चीन में किडनैप कर लिया गया था। दक्षिण कोरिया प्रशासन से जुड़े चोई सुंग-योंग ने यह खुलासा करते हुए बताया है कि डेविड फिलहाल उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग में रह रहा है। डेविड यहां बच्चों को अंग्रेजी सीखाता है और उसके साथ उसकी पत्नी और दो बच्चे भी रहते हैं।
जापान की याहू न्यूज ने भी इस पर बारे में रिपोर्ट प्रकाशित की है। इस खबर से डेविड के अभिभावक रॉय और कैथलीन को भी शांति मिली है। वे डेविड की मौत की कहानी को लेकर आशंकित थे। अभिभावकों के मुताबिक डेविड के जीवित होने की जानकारी मिलने के बाद उनको वापस लाने की कोशिश की जाएगी। रॉय और कैथलीन को बेटे के जिंदा होने की उम्मीद इसलिए भी थी, क्योंकि डेविड की लाश बरामद नहीं हुई।