इस्लामिक स्टेट ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें कथित तौर पर जापानी बंधक केंजी गोटो का सिर कलम करते हुए दिखाया गया है।
इससे एक हफ्ते पहले जापान के ही एक अन्य बंधक हारूना युकावा का सिर क़लम किए जाने की खबर आई थी। इस्लामिक स्टेट ने जापान के इन दोनों नागरिकों की रिहाई के बदले 20 करोड़ डॉलर की फिरौती मांगी थी।
47 वर्षीय केंजी गोटो एक जानेमाने स्वतंत्र पत्रकार और फ़िल्म निर्माता हैं जो बीते साल अक्तूबर में सीरिया गए थे। कहा जाता है कि वे युकावा को रिहा कराने की कोशिश कर रहे थे।
जापान का कहना है कि वह केंजी गोटो की हत्या वाले वीडियो के सत्यापन का प्रयास कर रहा है। जापान के अधिकारी जॉर्डन के सहयोग से गोटो की रिहाई के लिए कोशिश कर रहे थे।
जॉर्डन के एक पायलट को भी इस्लामिक स्टेट के चरमपंथियों ने बंधक बना रखा है।