जापानी बंधक केंजी गोटो का सिर कलम करने वाले वीडियो के जारी होने के बाद जापान में गुस्से की लहर है। इस्लामिक स्टेट ने यह वीडियो जारी किया है।
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा,"जापान चरमपंथ के ख़िलाफ़ अपनी लड़ाई बंद नहीं करेगा और इस्लामिक स्टेट के खिलाफ लड़ रहे देशों को देने वाले अपने समर्थन का विस्तार करेगा।" गोटो की मां जुनको इशिदो ने कहा कि वह अपने बेटे की मौत पर कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। गोटो अपने साहस और सहृदयता के कारण सीरिया गए थे।
इससे एक हफ्ते पहले जापान के ही एक अन्य बंधक हारूना युकावा का सिर क़लम किए जाने की खबर आई थी। इस्लामिक स्टेट ने जापान के इन दोनों नागरिकों की रिहाई के बदले 20 करोड़ डॉलर की फ़िरौती मांगी थी। 47 वर्षीय केंजी गोटो एक जानेमाने स्वतंत्र पत्रकार और फिल्म निर्माता हैं जो बीते साल अक्तूबर में सीरिया गए थे।
सत्यापन का प्रयास
कहा जाता है कि वे युकावा को रिहा कराने की कोशिश कर रहे थे। जापान का कहना है कि वह केंजी गोटो की हत्या वाले वीडियो के सत्यापन का प्रयास कर रहा है। जापान के अधिकारी जॉर्डन के सहयोग से गोटो की रिहाई के लिए कोशिश कर रहे थे। जॉर्डन के एक पायलट को भी इस्लामिक स्टेट के चरमपंथियों ने बंधक बना रखा है।