सीरिया में कुर्दिश लड़ाकों ने ‘जिहादी जैक’ कहे जाने वाले 21 वर्षीय ब्रिटिश नागरिक को पकड़ लिया है। सीरिया में उस पर आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) में शामिल होने का आरोप लगा है। इस बात की जानकारी रविवार को मीडिया रिपोर्ट में दी गई।
सीरिया में आईएस में शामिल होने वाले ब्रिटेन के पहले नागरिक के तौर पर उभरे जैक लेट्स ने लंदन के टेलीविजन नेटवर्क ‘अल अरबी’ से कहा कि वह कुर्द के नियंत्रण वाली एक जेल में बंद है। उसने कहा, ‘मैं अपनी मां को देखना और उन्हें कुछ चीजें बताना चाहता हूं।’
लेट्स ने कथित रूप से कहा कि उसे ‘नहीं पता’ कि उसके साथ क्या होगा। लेट्स के पिता जॉन लेट्स (55) और मां सैली लेन (54) के खिलाफ आतंकवाद के मामले में सुनवाई होनी है। उन पर 2015 और 2016 के बीच पांच महीने की अवधि में अपने बेटे को सैकड़ों पाउंड भेजने का आरोप है। उसके माता-पिता ने ‘ऑक्सफोर्ड मेल’ से कहा कि उन्हें यह जानकर ‘बहुत राहत मिली’ कि वह जिंदा है।
पुलिस ने मार्च 2015 में लेट्स के खिलाफ आतंकी संगठन आईएस के संदिग्ध सदस्य के रूप में जांच शुरू की थी। माना जाता है कि वह 2014 में ब्रिटेन से सीरिया गया था।