इराकी सरकार ने कहा है कि चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट ने अनबार प्रांत मे एक इराकी सुन्नी कबीले के 322 लोगों की हत्या कर दी है।
इराक के मानवाधिकार मंत्रालय का कहना है कि 50 शव एक कुए में मिले हैं जबकि अल-बु निम्र कबीले के 65 लोग लापता हैं।
आईएस ने ताजा हमले में रविवार सुबह इस कबीले के कम से कम 50 लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी। सुन्नी चरमपंथी गुट आईएस ने इराक और सीरिया मे एक बडे़ हिस्से को अपने नियंत्रण में ले रखा है।
मंत्रालय ने कहा कि आईएस 65 बंधको को युद्ध अपराधी के तौर पर अपनी कैद में रखे हुए है। सरकार का कहना है कि चरमपथी गुट कबीले के पास मौजूद गोलाबारूद को भी लूट कर ले गया।
कबीले एक वरिष्ठ नेता शेख नईम गाओद ने बीबीसी को बताया, "सरकार ने हमें अकेला छोड़ दिया है और आईएसआईएस को प्लेट पर रख कर परोस दिया है।" उन्होने कहा, "हमने उनसे कई बार हथियार मांगे हैं लेकिन उन्होने हमे सिर्फ वादा किया।"
बगदाद में मौजूद बीबीसी संवाददाता ओरला गुरेन का कहना है कि इराक मे इस कबीले के लोगों की बडे़ पैमानें पर हत्या रोज की बात हो चली है।