फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ईरान के सांसदों ने सेल्फी के चक्कर में देश को किया शर्मिंदा

Tue, 08 Aug 2017 06:36 PM IST
बीबीसी, हिन्दी
विज्ञापन
मोगेरिनी को घेरे ईरानी सांसद
विज्ञापन
ईरान के राष्ट्रपति हसन रुहानी के दोबारा कार्यभार संभालने के समारोह में हिस्सा लेने पहुंची यूरोपीय यूनियन की आला अधिकारी फेडरिका मोगेरिनी को सांसदों के 'असहज' करने वाले बर्ताव से रूबरू होना पड़ा। सामने आईं तस्वीरों से जाहिर होता है कि ईरान के पुरुष सांसदों ने फेडरिका मोगेरिनी के साथ सेल्फी लेने के लिए उन्हें घेर लिया। सोशल मीडिया पर सांसदों के इस बर्ताव की कड़ी आलोचना हो रही है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने सांसदों के बर्ताव को 'अपमानजनक' बताते हुए उनकी आलोचना की है।
विज्ञापन


समाचार एजेंसी फार्स ने एक तस्वीर पोस्ट की है। इस तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वाले कई लोगों ने कहा है कि मोगेरिनी इससे कतई प्रभावित नजर नहीं आती हैं। सोशल मीडिया पर सांसदों के बर्ताव को 'अटपटा' बताया गया है। सांसद अलीरेजा सलीमी ने सांसदों के बर्ताव को 'पश्चिम के सामने आत्मसमर्पण' बताया है। उनका कहना है कि अगर दूसरे सांसद सेल्फी लेने को संसद की 'अवमानना' मानते हुए इसकी शिकायत करते हैं तो एक कमेटी इस घटना की जांच कर सकती है। सलीमी के मुताबिक सांसदों का बर्ताव पश्चिमी देश की एक आला अधिकारी की चापलूसी जैसा है।

ट्विटर पर सांसदों की तस्वीर की फिल्म मलेना के दृश्य से तुलना की गई जहां अभिनेत्री मोनिका बेलूची के सिगरेट जलाने के लिए पुरुषों की भीड़ में होड़ लग जाती है। विवादों में घिरी तस्वीर में नजर आ रहे सांसदों में से एक अहमद मजानी ने मोगेरिनी तक पहुंचने की होड़ को लेकर ट्विटर पर जानकारी दी कि सांसदों को समारोह में आए 'विशेष अतिथियों से बातचीत की मनाही थी।'
विज्ञापन


हालांकि इसके बाद भी ट्विटर पर आलोचना का दौर जारी रहा। एक ट्विटर यूजर ने लिखा कि सांसदों ने 'देश को शर्मिंदा किया है'। राष्ट्रपति के सांस्कृतिक सलाहकार हेसाम एशेना का कहना है, "ये राजनीतिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक समस्या है। सेल्फी में नजर आने वाले हर सांसद से गंभीरता से सवाल किए जाने चाहिए।" यूरोपीय यूनियन ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम और मानवाधिकारों को लेकर कई प्रतिबंध लगाए हुए हैं। अपनी नियुक्ति के बाद से यूरोपीय यूनियन और ईरान के बीच करीबी संबंध बनाने की कोशिश में जुटी फेडरिका मोगेरिनी ने ईरान दौरे को लेकर बयान जारी किया है लेकिन उन्होंने इस विवाद पर कुछ नहीं कहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें