जापान में समुद्र की ओर वापस रुख कर चुके तूफान नोरू के चलते आज वहां हुई भारी बारिश से बाढ़ आ गयी और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा जबकि इसके कारण घायल हुए लोगों की संख्या बढ़कर 51 होने की खबर है। एक दिन पहले पश्चिमी जापान में तूफान के आगमन के बाद समूचे मुख्य द्वीप होंशू में 108 किलोमीटर (67 मील) प्रति घंटे की रफ्तार से आंधियां चलीं।
जापान के मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि आज तक उत्तरी निगाता प्रांत के तट से 40 किलोमीटर दूर रहा तूफान धीरे धीरे पूर्वोत्तर की दिशा में बढ़ रहा है। तूफान के कारण इससे पहले शनिवार को बाहरी द्वीपों में दो लोगों की मौत हो गयी थी। लोक प्रसारक ‘एनएचके’ ने बताया कि तूफान जनित घटनाओं में घायल होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 51 हो गयी।
हवाई वीडियो फुटेज में पश्चिमी जापान के शिगा प्रांत में नदियों में बाढ़ के दृश्य दिख रहे हैं, जबकि घरों, धान के खेतों और सड़कें जलमग्न दिखायी दे रहे हैं। नोरू के चलते मंगलवार को कुल 65 विमानों की उड़ान सेवाएं रद्द कर दी गयीं।