ग्रीस को आर्थिक संकट से उबारने के लिए पूरा यूरोप आगे आया है। बेल्जियम के प्रधानमंत्री चार्ल्स माइकल ने कहा है कि यूरोजोन के नेता ग्रीस को तीसरा राहत पैकेज देने के लिए समझौते पर पहुँच गए हैं।
यूरोपीय आयोग के चेयरमैन डोनाल्ड टस्क ने कहा कि नेताओं में राहत पैकेज पर सैद्धांतिक रूप से सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह है कि ग्रीस को सहयोग जारी रहेगा। यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष जां क्लां युंकर ने ग्रीस के यूरोजोन से बाहर होने की आशंकाओं पर कहा, "ग्रीस यूरो से बाहर नहीं जाएगा।"
यूरोज़ोन के कई देशों की संसदों को भी राहत पैकेज को मंज़ूरी देनी होगी। हालांकि समझौते के बारे में अभी अधिक जानकारी नहीं है।
ग्रीस बुधवार तक यूरोजोन की ओर से दिए गए प्रस्तावित सुधारों को लागू कर सकता है। यूरोजोन के नेता पिछले 17 घंटों से ब्रसेल्स में ग्रीस के कर्ज संकट पर गहन विचार-विमर्श कर रहे थे।