फ्रांस की राजधानी पेरिस के एक मॉल से पुलिस ने सभी 18 लोगों को रिहा करा लिया है। सोमवार तड़के दो से तीन बंदूकधारियों ने पेरिस के प्राइमार्क स्टोर पर हमला किया और उस वक़्त मॉल में 18 लोग थे।
पेरिस में बीबीसी संवाददाता लूसी विलियमसन का कहना है कि ये अभी साफ नहीं है कि मॉल से निकाले गए लोगों में हमलावर शामिल हैं या नहीं। इससे पहले मॉल के एक कर्मचारी ने अंदर से एक संदेश भेजा था कि उन्हें बंधक बना लिया गया है।
'लूट की कोशिश'
हालांकि ये अभी स्पष्ट नहीं है कि इन लोगों को उनकी इच्छा के ख़िलाफ बंधक बनाया गया या फिर वे बंदूकधारियों से बचने के लिए वहां छिपे थे।
पुलिस ने बीबीसी को बताया कि इस हमले की वजह लूट की कोशिश हो सकती है, न कि ये कोई 'आतंकवादी हमला' है। पुलिस ने इलाके में सभी तरह के ट्रैफिक को रोक दिया है और आसपास की दुकानें भी बंद कर दी गई हैं।