दुनिया भर में आम हो चुकी डायबिटीज की बीमारी का एक नया कारण सामने आया है। एक नए अध्ययन के अनुसार, वायु प्रदूषण के कारण भी आप डायबिटीज यानी मधुमेह के शिकार हो सकते हैं। अमेरिका में हुए एक अध्ययन के अनुसार, 2016 में डायबिटीज के सात नए मामलों में एक मामले के लिए वायु प्रदूषण भी जिम्मेदार रहा है। इसके अनुसार, वायु प्रदूषण के कम स्तर से भी इस बीमारी के पनपने की आशंका बढ़ जाती है।
डायबिटीज की बीमारी मुख्य रूप से जीवनशैली से जुड़ी है। इसके प्रमुख कारणों में आहार और सुस्त जीवनशैली शामिल हैं। सेंट लुइस में वाशिंगटन यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिसिन के अध्ययन में कहा गया है कि प्रदूषण भी डायबिटीज होने में अहम भूमिका निभाता है।
अध्ययन से सामने आया कि 2016 में दुनियाभर में प्रदू्षण की वजह से डायबिटीज के 32 लाख नए मामले सामने आए। ये उस वर्ष दुनियाभर में डायबिटीज के कुल नए मामलों का करीब 14 फीसदी हैं। प्रदूषण शरीर में इंसुलिन को बनने से रोकता है। इससे शरीर रक्त शर्करा को शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी ऊर्जा में नहीं बदल पाता है।
शोधकर्ताओं ने वेटरंस अफेयर्स क्लीनिकल एपिडेमियोलॉजी सेंटर के वैज्ञानिकों के साथ मिलकर 17 लाख अमेरिकी पूर्व सैनिकों पर अध्ययन कर यह निष्कर्ष निकाला। इन लोगों को इससे पहले कभी डायबिटीज की शिकायत नहीं रही थी।