पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के दूत ने अमेरिका को घटती शक्ति करार दिया है। साथ ही कहा है कि अगर अमेरिका कश्मीर एवं भारत के संबंध में पाकिस्तान के विचारों को तवज्जो नहीं देता है तो उनका देश चीन और रूस की ओर रुख करेगा। कश्मीर मुद्दे पर नवाज शरीफ के विशेष दूत मुशाहिद हुसैन सैयद ने बुधवार को कहा कि अमेरिका अब वैश्विक शक्ति नहीं है। अब वह घटती हुई शक्ति है। उसके बारे में भूल जाओ।
उन्होंने ये विचार अमेरिका के शीर्ष वैचारिक मंच में शामिल ‘अटलांटिक काउंसिल‘ में चर्चा के समापन के बाद व्यक्त किए। मुशाहिद हुसैन सैयद और शरीफ के एक अन्य दूत शाजरा मंसब कश्मीर में मौजूदा हालात और घाटी में कथित मानवाधिकार उल्लंघन की ओर वैश्विक समुदाय का ध्यान आकर्षित करने के पाकिस्तानी प्रयासों के तहत इस समय अमेरिका में हैं।