वैसे तो चीन चाहता है कि दुनिया उसे सही नजरिए से जाने और उसका सम्मान करे, लेकिन अपनी संकीर्ण सोच के कारण उसे अक्सर शर्मसार होना पड़ता है। एक ऐसी ही घटना एयर चाइना की लंदन फ्लाइट में बुधवार को घटी, जिसमें चीन की सरकारी पत्रिका विंग्स ऑफ चायना के एक लेख में पर्यटकों को हिदायत दी गई कि ‘‘सामान्यतया लंदन घूमने के लिहाज से एक सुरक्षित स्थान है, लेकिन यहां पर भारत, पाक और काले लोगों की आबादी वाले इलाकों में घूमते वक्त सावधान रहें।
खासतौर पर महिलाएं यदि ऐसे स्थानों पर जाएं तो अकेले न जाकर किसी साथी को अवश्य ले जाएं।’’ बृहस्पतिवार को चीन के विदेश मंत्रालय ने इस पर अपनी सफाई दी है।
चीन की सरकारी पत्रिका ने यह लेख ऐसे मौके पर प्रकाशित किया है जबकि वह पाकिस्तान से काफी निकट संबंध बना चुका है और भारत के साथ भी हिमालय में विवाद के बावजूद भविष्य में अच्छे संबंध बनाने का इच्छुक है।
जब मामले ने तूल पकड़ा तो बृहस्पतिवार को चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने रंगभेद से जुड़ी इस टिप्पणी पर अपनी सफाई पेश की। उन्होंने कहा कि चीन ऐसे किसी भी भेदभाव का विरोध करता है। इस विवादास्पद पत्रिका को वापस लेते हुए चीन ने प्रकाशक को भविष्य में ऐसा न होने देने की नसीहत भी दी है। बाद में प्रकाशक ने भी खेद जताया।
इस ऑनलाइन पत्रिका में लंदन घूमने वालों के लिए ‘एयर चायना द्वारा टिप्स’ शीर्षक से यह लेख प्रकाशित किया गया है। बीजिंग की एक चीनी पत्रकार हेज फेन ने रंगभेद से जुड़ी इस चेतावनी को ट्विटर पर पोस्ट किया है।