ईद की नमाज के मौके पर नाइजीरिया के उत्तरी पूर्व में स्थित गोम्बे और दमातुरु में फटे मानव बम से 64 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक इस धमाके बाद लोगों ने घर में रहकर ही ईद-उल-फितर का जश्न मनाया। पुलिस के मुताबिक दो महिला मानव बमों ने दमातुरू के मैदान में नमाज के वक्त खुद को उड़ा लिया जिसमें 12 लोगों की मौके पर मौत हो गई।
कुछ घंटों पहले ही गोम्बे के बाजार में जब लोग ईद की खरीदारी कर रहे थे। तब मानव बम के तहत हुए धमाके से 50 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं करीब 75 घायल लोगों को निकट के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस बम धमाके के लिए इस्लामी आतंकी संगठन बोको हराम को दोषी ठहराया गया है। रमजान के पाक महीने में बोको हराम ने ऐसे कई हमले किए जिसमें सैकड़ो लोगों की जान चली गई है।