बांग्लादेश ने मंगलवार को भारत को आश्वासन दिया कि वह भारत विरोधी तत्वों को अपनी जमीन इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं देगा। यह बात ढाका में आयोजित 44वें सीमा समन्वय कांफ्रेंस के दौरान बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के प्रमुख मेजर जनरल अब्दुल हुसैन ने बॉर्डर सिक्युरिटी फोर्स (बीएसएफ) के डायरेक्टर जनरल केके शर्मा से कही। उन्होंने बांग्लादेश में पूर्वोत्तर विद्रोही गुटों के शिविर की मौजूदगी से भी इनकार किया।
संयुक्त बयान के मुताबिक डीजी बीजीबी ने कहा कि बांग्लादेश में भारतीय विद्रोही गुटों के शिविर या ठिकाने नहीं हैं। इस बीच बीएसएफ के डायरेक्टर जनरल ने बीजीबी से भारतीय विद्रोही गुटों के शिविरों का खात्मा करने और अपहृत भारतीय नागरिकों की सुरक्षित रिहाई कराने में सहयोग मांगा।
पांच दिवसीय बैठक में हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी समेत अन्य सीमा पार अपराध रोकने में समन्वित सीमा प्रबंधन योजना (सीबीएमपी) के महत्व पर जोर दिया गया। इस बीच दोनों पक्ष सीबीएमपी को लागू करने पर सहमत हुए।