दुबई में नियमित रूप से आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने पर ढेरों पुरस्कार जीतने का मौका है।
गल्फ़ न्यूज़ की वेबसाइट के मुताबिक अमीरात की ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी एक नवंबर को सार्वजनिक परिवहन दिवस पर इसके लिए एक किलो सोना देगी।
सड़क और परिवन अथॉरिटी के डॉक्टर यूसुफ अल अली का कहना है कि इसका मक़सद लोगों को ज़्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करना है।
वेबसाइट के मुताबिक ऐसे पुरस्कार हर हफ्ते लकी ड्रॉ के जरिए दिए जाएंगे।
गल्फ न्यूज के मुताबिक दुबई में कार मालिकों का औसत दुनिया में सबसे ज्यादा है। यहां हर परिवार के पास औसतन 2.3 कारें हैं और सिर्फ 13 प्रतिशत लोग ही सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते हैं।
इनामी राशि नकद भी दी जाएगी। पुरस्कार राशि 10,000 दिरहम यानी क़रीब 1.66 लाख रुपए से लेकर 10 लाख दिरहम यानी 1.66 करोड़ रुपए तक हो सकती है।
पुरस्कार देने के लिए एक बस स्टेशन के पास बास्केटबॉल मैच कराया जाएगा। पुरस्कार देने के लिए बास्केटबॉल के पूर्व स्टार खिलाड़ी करीम अब्दुल जब्बार को बुलाया गया है।
प्रतियोगिता में भाग लेने वालों के पास दुबई ट्रैवेल कार्ड होना जरूरी होगा।