श्रीलंका के अधिकारियों ने बांह पर भगवान बुद्ध का टैटू बनवाए ब्रिटेन की एक महिला पर्यटक को देश छोड़ कर चले जाने का आदेश दिया है।
सोमवार को भारत से श्रीलंका हवाईअड्डे पर पहुंचीं नाओमी मिशेल कोलमैन के दाहिने बांह पर कमल के फूल पर बैठे भगवान बुद्ध का टैटू देखे जाने के बाद उन्हें तुरंत गिरफ़्तार कर लिया गया। ब्रितानी महिला को वापस भेजे जाने तक आप्रवासी हिरासत केंद्र में रखा गया है।
श्रीलंका एक बौद्ध बहुल देश है। यहां सिंहली बौद्ध समुदाय का बहुमत है। श्रीलंका के अधिकारी विदेशियों द्वारा बौद्ध धर्म का किसी भी तरह का अनादर किए जाने पर कठोर कदम उठाते हैं।
यहां बुद्ध की तस्वीरों को लेकर खासतौर पर काफी संवेदनशील रुख अपनाया जाता रहा है।