कीनिया के गृह मंत्रालय के अनुसार शनिवार को देश के तटीय जिलों में हुई घातक गोलीबारी में कम से कम 29 लोग मारे गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार को लामू काउंटी के हिंदी गांव में एक व्यापार केंद्र और ताना रीवर काउंटी के गाम्बा में एक पुलिस स्टेशन पर हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया।
इस हमले की जिम्मेदारी सोमालिया के चरमपंथी इस्लामी संगठन अल शबाब ने ली है। इलाके के मुखिया अब्दुल्लाह शहासी ने समाचार एजेंसी रायटर्स को बताया कि शनिवार शाम एक दर्जन हथियारबंद लोग हिंदी गांव में आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
काउंटी के कमिश्नर मीरी नेंगा ने बताया कि हमलावरों ने कुछ सरकारी कार्यालय जला दिए। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार मारे गए लोगों में एक किशोर भी शामिल है।