तीन हफ़्ते से गज़ा में जारी इसराइली कार्रवाई के दौरान सोमवार रात को ग़ज़ा पर सबसे भीषण हवाई हमले हुए जिनमें 100 फ़लस्तीनी मारे गए। ग़ज़ा में मौजूद बीबीसी संवाददाता के अनुसार हमलों में सात पूरे के पूरे परिवार मारे गए हैं।
ताज़ा जानकारी के मुताबिक एक वरिष्ठ फ़लस्तीनी अधिकारी ने इसराइल के साथ 24 घंटे के संघर्षविराम का प्रस्ताव रखा है। पीएलओ के यासिर आबिद रेब्बो ने कहा है कि इस पेशकश को हमास का समर्थन हासिल है।
इससे पहले फ़लस्तीनियों ने कहा था कि वे संघर्षविराम की शर्तों पर बातचीत के लिए एक प्रतिनिधिमंडल को काहिरा भेज रहे हैं। ग़ज़ा में गलियां वीरान हैं और ग़ज़ा के एकमात्र पावर प्लांट में एक ईंधन टैंक पर निशाना लगने के बाद उसे बंद कर दिया गया है।
सोमवार को 10 इसराइली सैनिक मारे गए थे, जिनमें से पांच की मौत एक सुरंग के ज़रिए इसराइल में घुसे हमास के चरमपंथियों के हमले में हुई थी।