कश्मीर मुद्दे पर विश्व के लगभग सभी देशों से मुंह की खाने के बाद पाकिस्तान अब भारत के आंतरिक मामलों में दखल देना शुरू कर दिया है जिससे उसका कोई संबंध नहीं है। पाकिस्तानी सासंद और पूर्व मंत्री रहमान मलिक ने पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम की गिरफ्तारी की निंदा की। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 पर सवाल उठाने के कारण पी चिदंबरम को गिरफ्तार किया गया है। यह कश्मीर के हालात से ध्यान हटाने की कोशिश है।
उन्होंने कहा, 'मनमोहन सिंह की कैबिनेट में वित्त मंत्री और गृहमंत्री का पद संभालनेवाले पी. चिदंबरम की गिरफ्तारी की खबर सुनकर हैरान हूं। मुझे लगता है कि चिंदबरम की सिर्फ एक ही गलती है कि उन्होंने आर्टिकल 370 पर मोदी सरकार के फैसले का समर्थन नहीं किया।'
रहमान मलिक ने कहा, 'कश्मीर से देश का ध्यान हटाने के लिए मोदी सरकार विपक्षी आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संघ को खुली छूट दे दी है। चिदंबरम की गिरफ्तारी भारत में राजनीतिक बदले और विपक्षी आवाज को दबाने की कोशिश का उदाहरण है।'
इतना ही नहीं अगले ट्वीट में मलिक ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी अतिवादी विचारधारा का विरोध करनेवाले सभी लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। वह न सिर्फ कश्मीरियों को प्रताड़ित कर रहे हैं बल्कि विपक्ष को भी परेशान कर रहे हैं।'