कोलोराडो का एवरग्रीन हाई स्कूल बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को गोलियों से दहल उठा। कट्टरपंथ से प्रभावित एक 16 वर्षीय छात्र ने रिवॉल्वर से कई राउंड फायरिंग की, जिससे दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, बाद में आरोपी छात्र ने खुद को भी गोली मार ली और उसकी मौत हो गई।
कोलोराडो के एक हाई स्कूल में बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को एक 16 वर्षीय छात्र ने रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी, जिसमें दो छात्र घायल हो गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि आरोपी छात्र एक अज्ञात 'चरमपंथी नेटवर्क' से प्रभावित होकर कट्टरपंथी बन गया था।
विज्ञापन
घटना एवरग्रीन हाई स्कूल में हुई, जो रॉकी पर्वत की तलहटी में स्थित है। गोलीबारी के दौरान कुछ छात्र भाग गए और कुछ ने खुद को बंद कर लिया। एक छात्र को स्कूल के अंदर और दूसरे को बाहर गोली मारी गई।
आरोपी छात्र ने खुद को भी गोली मारी
जेफरसन काउंटी शेरिफ कार्यालय की प्रवक्ता जैकी केली ने बताया कि आरोपी छात्र डेसमंड होली ने खुद को भी गोली मार ली और बाद में उसकी मौत हो गई। यह वही काउंटी है, जहां 1999 में कोलंबिन हाई स्कूल में हुई गोलीबारी में 14 लोगों की जान गई थी। आरोपी छात्र इस गोलीबारी का भी गवाह था।
अज्ञात चरमपंथी नेटवर्क से प्रभावित था छात्र
केली ने बताया कि घटना के समय स्कूल की संसाधन अधिकारी चिकित्सा अवकाश पर थीं और दो अंशकालिक अधिकारी भी मौजूद नहीं थे। मौके पर मौजूद अधिकारी को पहले ही एक नजदीकी दुर्घटना स्थल पर भेजा गया था। केली ने बताया कि होली 'किसी चरमपंथी नेटवर्क द्वारा कट्टरपंथी बनाया गया था।' अधिकारियों ने यह निष्कर्ष उसके घर और फोन की जांच के बाद निकाला, लेकिन अभी यह साफ नहीं किया गया कि वह किस संगठन से प्रभावित हुआ था।
पीड़ितों को जानबूझकर निशाना बनाया या संयोग, अभी स्पष्ट नहीं
यह भी स्पष्ट नहीं है कि उसने पीड़ितों को जानबूझकर निशाना बनाया या वे संयोग से शिकार बने। दोनों घायल छात्रों की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों में से एक, 18 वर्षीय मैथ्यू सिल्वरस्टोन के परिवार ने समर्थन और प्रार्थनाओं के लिए आभार जताया है और निजता बनाए रखने की अपील की है। दूसरे घायल की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
स्कूल के कई सुरक्षित हिस्सों में दाखिल नहीं हो पाया होली
केली ने बताया कि हमले के दौरान छात्र इधर-उधर भाग रहे थे और कई कक्षाओं में बंद होकर छिप गए। गोलीबारी लंबे समय तक चली क्योंकि आरोपी 'बार-बार फायर करता, रीलोड करता और फिर फायर करता' रहा। होली स्कूल के कई सुरक्षित हिस्सों में दाखिल नहीं हो पाया। हालांकि उसके पास भारी मात्रा में गोलियां थीं। खिड़कियां और लॉकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिले। जांच अधिकारी आरोपी के कमरे, बैग और लॉकर की तलाशी ले रहे हैं। यह भी जांच की जा रही है कि उसके माता-पिता पर हथियार की पहुंच देने के लिए मामला चलाया जाए या नहीं।