ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने सोमवार को कहा कि सरकार की प्राथमिकता 31 अक्तूबर तक ब्रिटेन को यूरोपीय संघ से अलग करने की है। सांसदों को दिए भाषण में महारानी ने 26 नए बिलों की सूची लागू करने से लेकर आपराधिक सजा और पर्यावरण के लिए जरूरी कदम उठाने की सरकार की योजना के बीच ब्रेग्जिट की घोषणा की।
96 साल की महारानी ने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता इस माह की अंतिम तारीख को यूरोपीय संघ से ब्रिटेन को निकालकर सुरक्षित करने की है। एलिजाबेथ ने कहा, मेरी सरकार का इरादा ब्रेग्जिट के बाद मुक्त व्यापार और मैत्रीपूर्ण सहयोग के आधार पर यूरोपीय संघ के साथ नई साझेदारी की दिशा में काम करना है।
ब्रेग्जिट के बाद ब्रिटेन उत्तरी आयरलैंड सीमा के लिए अपनी योजनाओं में छूट देने को तैयार है लेकिन सीमा शुल्क व्यवस्था को लेकर मतभेद के चलते गतिरोध बना हुआ है। यूरोपीय संघ के राजदूतों ने कहा कि यूरोपीय आयोग ने बताया कि इस दिशा में अभी बहुत काम किया जाना बाकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रुसेल्स में ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के अधिकारियों के बीच सोमवार को भी तकनीकी चर्चा हुई। मंगलवार को भी लक्जमबर्ग में बैठक की जाएगी।