कतर ने शनिवार को घोषणा की कि वह हमास और इस्राइल के बीच अपने मध्यस्थता के प्रयासों को अस्थायी रूप से निलंबित कर रहा है। हालांकि, मिस्र के एक अधिकारी के मुताबिक, अगर दोनों पक्ष गाजा युद्ध पर समझौते के लिए संजिदा राजनीतिक इच्छा शक्ति दिखाते हैं, तो कतर इन प्रयासों को फिर से शुरू कर सकता है। मिस्र भी दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता का प्रयास कर रहा है।
एबीसी न्यूज के मुताबिक, हमास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें कतर के फैसले के बारे में जानकारी है। लेकिन किसी ने भी उन्हें कतर से जाने के लिए नहीं कहा। कतर की ओर से यह कदम तब उठाया गया, जब संघर्ष विराम समझौते पर कोई ठोस प्रगति नहीं हो पाई। अमेरिकी सरकार के एक अधिकारी ने कहा, बंधकों को रिहा करने के लिए बार-बार प्रस्तावों को ठुकराने के बाद हमास के नेताओं को अब किसी भी अमेरिका के साझीदार देश की राजधानी में स्वागत नहीं किया जाना चाहिए।
इस बीच, शनिवार को इस्राल के तीन अलग-अलग हवाई हमलों में गाजा में कम से कम 16 लोग मारे गए हैं। जिनमें अधिकांश बच्चें और महिलाएं हैं।
कतर ने उत्तरी गाजा में भेजी मदद
वहीं, कतर ने उत्तरी गाजा के तबाह हुए इलाकों में मानवीय सहायता भी भेजी है। कतर ने मदद के रूप में 11 ट्रकों की खेप गाजा के उत्तरी इलाके में भेजी। इसमें भोजन, पानी और चिकित्सा उपकरण शामिल हैं। यह पहली बार है जब गाजा के उत्तरी इलाके में मदद पहुंची है। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र के विश्व खाद्य कार्यक्रम ने कहा कि सभी सहायता तय स्थानों तक नहीं पहुंच पाई, क्योंकि इस्राइली सेना ने जबालिया में एक काफिले को रोका और सामग्री को उतारने का आदेश दिया।
आईडीएफ ने बेरुत के उपनगरों को बनाया निशाना
गाजा में हमास के खिलाफ इस्राइल के हमलों का कोई अंत नहीं दिखाई दे रहा है। दूसरी ओर, लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ भी इस्राइल की कार्रवाई जारी है। इस्राइली सेना ने कहा कि उसने बेरुत के दक्षिणी उपनगरों में कमांड सेंटर और अन्य आतंकवादी ढांचों को निशाना बनाया है। इसके अलावा, शुक्रवार रात इस्राइल के एक हवाई हमले में टायर शहर में कम से कम सात लोग मारे गए।
इस्राइली हमले में गाजा सिटी में छह की मौत
गाजा सिटी के तुफाह इलाके में एक स्कूल पर इस्राइल के हमले में छह लोग मारे गए। मरने वालों में दो पत्रकार, एक गर्भवती महिला और एक बच्चा शामिल था। इस्राइली सेना ने दावा किया कि यह हमला फलस्तीनी इस्लामिक जिहाद समूह के एक आतंकवादी को निशाना बनाकर किया गया था।
खान यूनिस शहर में भी एक अन्य इस्राइली हमले में सात लोग मारे गए। ये शरणार्थी एक तंबू में रह रहे थे। मृतकों में दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। इसके अलावा, गाजा के एक अस्पताल के आंगन में लगाए गए तंबू पर इस्राइली हमले में तीन लोग मारे गए और एक पत्रकार घायल हुआ।
संबंधित वीडियो-