कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके नेतृत्व में कतर ने तेजी से विकास किया और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई। 18 साल तक अमीर रहने के बाद उन्होंने स्वेच्छा से सत्ता अपने बेटे को सौंप दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया। पढ़िए रिपोर्ट-
कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का निधन हो गया है। वह 74 साल के थे। कतर के सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
शेख हमद ने कतर के अमीर रहते हुए इस छोटे से खाड़ी देश को कूटनीति, मीडिया और निवेश के क्षेत्र में दुनिया के प्रमुख देशों में शामिल कर दिया था। इसके बाद उन्होंने परंपरा से हटकर स्वेच्छा से सत्ता अपने बेटे को सौंप दी थी। कतर की सरकारी समाचार एजेंसी ने शेख हमद के निधन की जानकारी दी। लेकिन उनकी मौत की वजह नहीं बताई।
18 साल तक कतर के अमीर रहे शेख हमद
शेख हमद जून 2013 में सत्ता से हटे थे। वह 18 साल तक कतर के अमीर रहे।
उन्होंने ऊर्जा से समृद्ध कतर की बड़ी योजनाओं की नींव रखी, जिससे यह देश एक पिछड़े इलाके से निकलकर एक पीढ़ी के भीतर दुनिया के लिए अहम केंद्र बन गया।
कतर ने लंदन के मशहूर हैरड्स डिपार्टमेंट स्टोर को खरीदा और दुनिया के प्रमुख समाचार चैनलों में शामिल अल जजीरा समाचार नेटवर्क की शुरुआत भी की।
विज्ञापन
वैश्विक पहचान दिलाने में क्या भूमिका निभाई?
आज कतर का राजनीतिक प्रभाव उत्तरी अफ्रीका से लेकर अफगानिस्तान तक फैला हुआ है। इसी देश ने 2022 फीफा विश्व कप की मेजबानी की थी, जो दुनिया का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला फुटबॉल आयोजन है।
हालांकि, शेख हमद लंबे समय से सत्ता में नहीं थे। फिर भी विश्व कप के शुरुआती मुकाबले में मौजूद कतर के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनके लिए जमकर तालियां बजाईं।
नीतियों से नाराज भी हुए सहयोगी देश
शेख हमद के नेतृत्व में कतर के बढ़ते प्रभाव से कुछ क्षेत्रीय और पश्चिमी सहयोगी देश असहज भी हुए। इसकी वजह कतर की स्वतंत्र सोच वाली नीतियां थीं। इन नीतियों में शिया बहुल देश ईरान, फलस्तीन के हमास संगठन और मिस्र के प्रतिबंधित मुस्लिम ब्रदरहुड समूह के साथ कतर के करीबी संबंध भी शामिल थे।
पीएम मोदी ने शेख हमद के निधन पर क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर मुझे गहरा दुख है। वह दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने कतर को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। फरवरी 2024 में अपनी कतर यात्रा के दौरान उनसे मिलने का मुझे सम्मान मिला था। मैं कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी, पूरे शाही परिवार और कतर की जनता के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे।