ईरान में बलूच आबादी वाले दक्षिणपूर्वी शहर जाहेदान में शुक्रवार की नमाज के बाद हिजाब के खिलाफ एक बार फिर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। यहां पिछले महीने भी हिंसा हुई थी। ईरान में हिंसक सरकार की कार्रवाई का सामना कर रहे प्रदर्शनकारियों के समर्थन में बर्लिन, वाशिंगटन डीसी और लॉस एंजिल्स की सड़कों पर भी भीड़ ने नारा लगाते हुए प्रदर्शन किया।
ओस्लो स्थित समूह ईरान ह्यूमन राइट्स ने मरने वालों की संख्या 90 से अधिक बताई है। ईरानी अधिकारियों ने कहा कि जाहेदान हिंसा में अज्ञात अलगाववादी शामिल थे। सुरक्षाबलों ने इस संबंध में और कोई विवरण नहीं दिया। ईरान के सरकारी टेलीविजन चैनल हिंसा के बाद के फुटेज प्रसारित किए। इस हिंसा के लिए 150 ‘‘दंगाइयों’’ को दोषी ठहराया गया।
ईरान की सरकारी इरना समाचार एजेंसी ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की, मोटर चालकों पर पथराव किया और बैंकों और अन्य निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने 57 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। प्रांतीय पुलिस कमांडर अहमद ताहेरी ने कहा कि सुरक्षा बल और दोषियों की तलाश कर रहे हैं। ईरान में एक शिक्षक संघ ने भी देश में छात्रों की मौत और हिरासत में लिए जाने के विरोध में रविवार और सोमवार को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। यह जानकारी एसोसिएशन की ओर से टेलीग्राम पर जारी बयान से मिली। ईरानी अधिकारियों ने बिना सबूत पेश किए, विरोध प्रदर्शनों के लिए विदेशी हस्तक्षेप का आरोप लगाया है।