एलिजाबेथ ने इस दौरान काली ड्रेस पहन रखी थी और वह शवयात्रा में राजकीय बेंटले कार में सवार थी। उनके पीछे राजपरिवार के अन्य सदस्य पैदल चल रहे थे। चैपल पहुंचने पर एलिजाबेथ महामारी के चलते भौतिक दूरी संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए वहां बैठीं। फिलिप के अंतिम संस्कार के समय विंडसर के डीन ने कहा, 'हम साहस, भाग्य और विश्वास के जरिये हमारी महारानी, राष्ट्र और राष्ट्रमंडल की सेवा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा से प्रेरित हैं।'
महारानी ने अपने पति के अंत्येष्टि के दिन की शुरुआत स्कॉटलैंड में अपने दिवंगत पति के पास घास पर बैठे हुए ली गई एक तस्वीर जारी कर की। एलिजाबेथ (94) की 73 साल पहले फिलिप से शादी हुई थी और उन्होंने उन्हें अपनी ताकत करार दिया था।
मास्क के साथ दूरी का रखा पूरा खयाल
राजपरिवार के किसी भी सदस्य ने अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में ड्यूक के बारे में कुछ नहीं कहा और समूचे कार्यक्रम में सिर्फ 30 लोग शामिल हुए। उन्होंने मास्क लगाने के साथ ही शारीरिक दूरी के नियमों का पालन भी किया।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन भी हजारों अन्य लोगों की तरह टीवी पर यह कार्यक्रम देखा। अधिकारियों ने बताया कि ताबूत पर फिलिप की रॉयल नौसेना की टोपी और तलवार पुष्प चक्र के साथ रखी थी। सेना की ग्रेनेडियर्स गार्ड रेजिमेंट के जवानों का दस्ता उनके ताबूत को हॉल में लेकर पहुंचा।