भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दक्षिण-पूर्व एशियाई देश तिमोर लेस्ते पहुंचीं हैं। तिमोर लेस्ते की राजधानी डिली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया गया। आपको बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी तीन दिवसीय यात्रा पर फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर लेस्ते की यात्रा पर हैं। तिमोर लेस्ते, इस तीन दिवसीया यात्रा का आखिरी चरण है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मिला तिमोर लेस्ते का सर्वोच्च सम्मान
तिमोर लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस होर्ता ने भारत की राष्ट्रपति को अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रांड कॉलर ऑफ द ऑर्डर ऑफ तिमोर लेस्ते’ से सम्मानित किया। महिला सशक्तिकरण, समाज कल्याण और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए राष्ट्रपति मुर्मू को यह सम्मान दिया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यह सम्मान भारत और तिमोर लेस्ते के बीच दोस्ती के संबंधों का प्रतीक है।
फिजी के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से भी किया गया था सम्मानित
इससे पहले मंगलवार को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को फिजी के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘कम्पैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी' से भी सम्मानित किया गया था। इस दौरान राष्ट्रपति ने दोनों भारत और फिजी के संबंधों की प्रंशसा भी की थी।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
यह पहली बार है, जब भारत के कोई राष्ट्रपति तिमोर लेस्ते की यात्रा पर हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, भारत और तिमोर-लेस्ते के बीच पहली राष्ट्राध्यक्ष स्तरीय यात्रा के लिए डिली पहुंचीं हैं। तिमोर लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस होर्ता ने गर्मजोशी से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया।’ अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तिमोर लेस्ते में अपने समकक्ष के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगीं। इसके साथ ही वे तिमोर लेस्ते के प्रधानमंत्री शनाना गुसमाओ के साथ भी बैठक करेंगीं।
तिमोर लेस्ते में स्थापित होगा भारतीय दूतावास
तिमोरे लेस्ते दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के स्वागत में वहां मौजूद भारतीयों द्वारा एक समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रपति की यात्रा से पहले भारतीय विदेश मंत्रालय के सचिव जयदीप मजूमदार ने बताया था कि डिली में जल्द ही भारतीय वाणिज्य दूतावास खोला जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि भारत की राजधानी दिल्ली में भी तिमोर लेस्ते का वाणिज्य दूतावास खोला जाएगा।
फिजी, न्यूजीलैंड के बाद तिमोर लेस्ते की यात्रा
आपको बता दें कि इस वर्ष जनवरी के महीने में तिमोर लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस होर्ता ने वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन के दौरान भारत की यात्रा की थी। उस दौरान उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तिमोर लेस्ते की यात्रा पर हैं। इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू फिजी और न्यूजीलैंड का दौरा कर चुकीं हैं। न्यूजीलैंड दौरे के दौरान उन्होंने कहा था, ‘न्यूजीलैंड के विकास में प्रवासी भारतीयों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत जल्द ही समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए ऑकलैंड में वाणिज्य दूतावास खोलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कदम से राजनयिक संबंधों को और बढ़ावा मिलेगा।