Israel-Hamas Ceasefire: गाजा के निरस्त्रीकरण की तैयारी तेज हो गई है। वहीं इस्राइली पीएम बेंजमिन नेतन्याहू ने कहा है कि संघर्षविराम का दूसरा चरण जल्द शुरू होगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि इस्राइली बंधक रण ग्विली का शव लौटाने के बाद ही दूसरा चरण शुरू होगा।
इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इस्राइल और हमास बहुत जल्द संघर्षविराम (सीजफायर) के दूसरे चरण में प्रवेश करेंगे। यह चरण तब शुरू होगा, जब हमास गाजा में बचे अंतिम इस्राइली बंधक रण ग्विली का शव लौटा देगा। 24 वर्षीय पुलिस अधिकारी ग्विली, 7 अक्तूबर 2023 के हमले में मारे गए थे और उनका शव गाजा ले जाया गया था।
ट्रंप की 20-सूत्री योजना के तहत चल रहा संघर्षविराम
नेतन्याहू ने जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दूसरा चरण महीने के अंत तक शुरू किया जा सकता है। संघर्षविराम की यह प्रक्रिया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 20-सूत्री योजना के तहत चल रही है। ग्विली के शव लौटाने और इसके बदले इस्राइल द्वारा 15 फलस्तीनी शवों की वापसी के बाद पहला चरण पूरा हो जाएगा।
विज्ञापन
गाजा को दी जा रही मानवीय सहायता - फ्रेडरिक मर्ज
दूसरे चरण में गाजा में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बल की तैनाती, तथा दिन-प्रतिदिन के प्रशासन के लिए एक अस्थायी फलस्तीनी सरकार का गठन शामिल है, जिसकी निगरानी एक अंतरराष्ट्रीय बोर्ड करेगा। फ्रेडरिक मर्ज ने कहा कि जर्मनी इस योजना के क्रियान्वयन में सहयोग कर रहा है और अमेरिकी नेतृत्व वाले समन्वय केंद्र में अपने अधिकारी भेज रहा है, साथ ही गाजा को मानवीय सहायता भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने दोहराया कि जर्मनी की इस्राइल की अस्तित्व और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता अटल है।
मलबे में दबे शवों तक पहुंचने के चलते हो रही देरी- हमास
हमास का कहना है कि मलबे में दबे शवों तक पहुंच न होने के कारण देरी हो रही है, जबकि इस्राइल इसे टालमटोल बताते हुए चेतावनी दे चुका है कि यदि सभी अवशेष नहीं लौटाए गए तो सैन्य कार्रवाई फिर शुरू की जा सकती है या मानवीय सहायता रोकी जा सकती है।
तीसरा चरण चुनौतीपूर्ण पर असंभव नहीं
पीएम बेंजमिन नेतन्याहू ने कहा कि संघर्षविराम का तीसरा चरण गाजा का डी-रैडिकलाइजेशन होगा, जो चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन असंभव नहीं। इस बीच, गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि संघर्षविराम लागू होने के बाद भी इस्राइली कार्रवाई में 370 से अधिक फलस्तीनियों की मौत हुई है।