पूरे देश और दुनिया में बुधवार दो अक्तूबर को महात्मा गांधी की 150वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर फ्रांस की डाक सेवा कंपनी ला पोस्टे ने महात्मा गांधी पर डाक टिकट जारी किया। इस बात की जानकारी फ्रांस में स्थित भारतीय दूतावास ने ट्विटर के जरिए दी।
दूतावास ने लिखा, 'भारतीय राजदूत ने फ्रांस के ला पोस्ते के साथ भागीदारी करते हुए महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर उनकी तस्वीर वाला एक डाक टिकट जारी किया है।' गांधी जयंती के मौके पर इसी तरह के डाक टिकट उज्बेकिस्तान, तुर्की, फिलिस्तीन और अन्य देशों ने भी जारी किए।
भारत की बात करें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर अहमदाबाद के साबरमती आश्रम पहुंचे। उन्होंने इस अवसर पर 150 रुपये का सिक्का जारी किया। उन्होंने कहा, 'बापू की जयंती का उत्सव तो पूरी दुनिया मना रही है। कुछ दिन पहले संयुक्त राष्ट्र ने डाक टिकट जारी कर इस विशेष अवसर को यादगार बनाया और आज यहां भी डाक टिकट और सिक्का जारी किया गया है।'
उन्होंने आगे कहा, 'आज साबरमती की ये प्रेरक स्थली स्वच्छाग्रह की एक बड़ी सफलता की साक्षी बन रही है, ये हम सभी के लिए खुशी और गौरव का अवसर है। आज ग्रामीण भारत ने, वहां के गांवों ने खुद को खुले में शौच से मुक्त घोषित किया है। स्वेच्छा से, स्वप्रेरणा से और जनभागीदारी से चल रहे स्वच्छ भारत अभियान की ये शक्ति भी है और सफलता का स्रोत भी है।'
इसके अलावा भाजपा ने राष्ट्रपिता की जयंती के अवसर पर गांधी संक्लप यात्रा की शुरुआत की। जिसे गृहमंत्री अमित शाह ने हरी झंडी दिखाई। वहीं कांग्रेस ने भी गांधी संदेश यात्रा निकाली। जिसकी अगुवाई राहुल गांधी ने की। इस यात्रा को कांग्रेस मुख्यालय से राजघाट तक निकाला गया। जिसमें कांग्रेसी सफेद कपड़े और सिर पर गांधी टोपी लगाकर शामिल हुए।