पाक सुजुकी मोटर कंपनी लिमिटेड (पीएसएमसीएल) ने मंगलवार को ऑल्टो के दो संस्करणों और बाइक की कीमतों में इजाफा किया है। ऑल्टो की कीमत कंपनी ने दूसरी बार बढ़ाई है। ऑल्टो की कीमत जहां 70-85 हजार रुपये बढ़ाई गई है वहीं बाइक की कीमतें 6000 रुपये तक बढ़ी हैं। सुजुकी ने जून में ऑल्टो के निर्माण के साथ वीएक्सआर और ऑल्टो एजीएस मॉडल की घोषणा की थी।
वीएक्सआर मॉडल की कीमत करीब 11.01 लाख और एजीएस मॉडल की कीमत 12.95 लाख रुपये रखी गई थी। एक अगस्त को कंपनी ने दोनों मॉडल की कीमत में क्रमश: 1,37,000 और 1,38,000 रुपये का इजाफा किया था। अब वीआरएक्स और एजीएस मॉडल की बिक्री क्रमश: 13.08 लाख रुपये और 15.18 लाख रुपये में हो रही है।
अपने अधिकृत डीलरों को जारी किए गए सर्कुलर में कंपनी ने कीमतें बढ़ाने के किसी कारण का उल्लेख नहीं किया है। हालांकि, इसमें कहा गया है कि पुराने लंबित ऑर्डर, जिनका अग्रिम आंशिक भुगतान हो चुका है, ऐसे ऑर्डर जिनमें ग्राहक नियत समय के भीतर शेष भुगतान करने में विफल रहा हो, उन पर नई कीमतें लागू नहीं होंगी।
महंगाई की मार से परेशान है पाकिस्तान
भारी आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए अक्तूबर की शुरुआत ही काफी भारी पड़ी है। महीने की शुरुआत में ही पाकिस्तान सरकार ने बिजली की कीमतें में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। जानकारी के मुताबिक बिजली की बढ़ी कीमतें सितंबर 2020 तक कम नहीं की जाएंगी। दूध की कीमत भी पाक में आसमान छू रही है। यहां दूध 140 रुपये प्रति लीटर तक बिक रहा है।