इस्राइली सेना ने कहा कि उसने गाजा में हमास के एक शीर्ष नेता के घर पर हमला किया है। गाजा से इस्राइल में हवाई हमले और रॉकेट दागे जाने के करीब एक हफ्ते बाद यह हमला किया गया। सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल हिदाई जिल्बरमैन ने रविवार को इस्राइली सेना के रेडियो को बताया कि सेना ने गाजा में हमास के सबसे वरिष्ठ नेता येहियेह सिनवार के घर को निशाना बनाया है जो संभवत: वहां छिपा था। उसका मकान दक्षिण गाजा पट्टी में खान युनूस शहर में स्थित है।
गाजा की स्थिति को लेकर 57 सदस्यीय इस्लामी सहयोग संगठन (ओआईसी) की रविवार को आपातकालीन डिजिटल बैठक हुई ताकि गाजा पट्टी पर इस्राइल की सेना के हमले को रोका जा सके। सऊदी अरब के विदेश मंत्री शहजादा फैसल बिन फरहान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि गाजा के खिलाफ इस्राइल के सैन्य अभियान को खत्म करने की दिशा में काम किया जाए और तटीय क्षेत्र में सहायता पहुंचने दिया जाए।
पश्चिमी तट के रामल्ला से फलस्तीन के विदेश मंत्री रियाद मालकी ने इस्राइल को निशाने पर लेते हुए उसे ‘रंगभेदी देश’ करार दिया जो गाजा में हमारे लोगों के खिलाफ अपराध और क्रूरता कर रहा है। उन्होंने कहा कि सोमवार से शुरू हुई हिंसा में 10 हजार लोग विस्थापित हुए हैं। मालकी ने कहा, ‘फलस्तीनी लोगों के विरोध ने स्पष्ट कर दिया है कि यरूशलम ही लक्ष्मण रेखा है। इस्राइळ की हत्या मशीन से हमारे लोग नहीं थकेंगे।’