इस्राइल के युद्धक विमानों ने रविवार तड़के गाजा सिटी के अहम हिस्से में कई इमारतों और सड़कों को निशाना बनाया। निवासियों और पत्रकारों द्वारा जारी तस्वीरों के अनुसार, हवाई हमलों से गड्ढा बन गया, जिससे शिफा अस्पताल की ओर जाने वाली एक मुख्य सड़क अवरुद्ध हो गई। शिफा गाजा पट्टी में सबसे बड़ा अस्पताल है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ताजा हवाई हमलों में दो लोगों की मौत हो गई और 25 घायल हो गए, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। बचावकर्ता अब भी मलबा हटा रहे हैं। दो घंटों तक भारी बमबारी करने के बाद भी इस्राइली सेना ने कोई टिप्पणी नहीं की है।
फलस्तीन के राष्ट्रपति और बाइडन के बीच हुई बातचीत
बाइडन ने राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालने के बाद फलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास के साथ भी फोन पर पहली बार बातचीत की, जिसमें उन्होंने हमास से इस्राइल पर रॉकेट हमले रोकने की अपील की। व्हाइट हाउस ने बताया कि बाइडन ने फलस्तीनी लोगों को सक्षम बनाने की खातिर कदम उठाने के लिए अपना समर्थन जताया ताकि वे गरिमा, सुरक्षा एवं स्वतंत्रता के साथ जी सकें और उन्हें आर्थिक अवसर मिल सकें, जिसके वे हकदार हैं।