फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बांग्लादेश में फिर सुलगी सियासत की आग: ग्रामीण बैंक की 100 शाखाओं पर हमला, यूनुस ने जताई बड़ी साजिश की आशंका

Mon, 23 Nov 2026 09:39 PM IST
प्रशांत तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस ने ग्रामीण बैंक की करीब 100 शाखाओं पर हुए हमलों को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन हमलों के पीछे किसी बड़े स्तर पर साजिश हो सकती है। 
विज्ञापन
मोहम्मद यूनुस - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बांग्लादेश में राजनीतिक उठापटक के बीच हिंसा का दौर एक बार फिर तेज हो गया है। पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख और ग्रामीण बैंक के संस्थापक मुहम्मद यूनुस ने बैंक की शाखाओं पर हो रहे हमलों को तुरंत रोकने की अपील की है। उनका कहना है कि नवंबर की शुरुआत से अब तक देशभर में ग्रामीण बैंक की करीब 100 शाखाओं को पेट्रोल बम से निशाना बनाया गया है। उन्होंने इन हमलों के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका भी जताई है।

विज्ञापन


रोज हो रहे हमले, किसी बड़े इशारे की आशंका
यूनुस ने अपने बयान में कहा कि ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर लगभग हर दिन हमले हो रहे हैं। हमलों का तरीका देखकर लगता है कि इसके पीछे कोई संगठित समूह काम कर रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि हमलावरों को किसी बड़े स्तर पर बैठे व्यक्ति से निर्देश मिल रहे हैं। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की ओर इशारे के तौर पर देखा जा रहा है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, नवंबर की शुरुआत से अब तक ग्रामीण बैंक की 97 शाखाओं में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

दोषियों को सजा दिलाने की मांग
यूनुस ने अधिकारियों से अपील की है कि वे हमलों में शामिल लोगों की पहचान करें और उन्हें कानून के मुताबिक सजा दिलाएं। उन्होंने ग्रामीण बैंक से जुड़े लोगों और इसके समर्थकों से भी कहा कि वे इन घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाएं। उन्होंने दुनिया भर में मौजूद बैंक के समर्थकों से भी अपील की कि वे ऐसी हिंसा करने वालों को रोकने के लिए आगे आएं। उनका यह बयान उस घटना के पांच दिन बाद आया है, जब चट्टोग्राम में उनके पैतृक घर को आग के हवाले कर दिया गया था। इस घटना में अवामी लीग के संदिग्ध समर्थकों का नाम सामने आया था।
विज्ञापन


हसीना के जाने के बाद बदले बांग्लादेश के हालात
बांग्लादेश में राजनीतिक संकट की शुरुआत 5 अगस्त 2024 को हुई थी। छात्रों के नेतृत्व में हुए बड़े आंदोलन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। प्रदर्शनकारियों पर सख्त कार्रवाई के बाद हसीना को देश छोड़कर भारत आना पड़ा। इसके बाद 86 वर्षीय मुहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी संभाली। उनकी सरकार ने अवामी लीग को भंग कर दिया और पार्टी के कई बड़े नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की। इनमें शेख हसीना भी शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के मामले में एक विशेष ट्रिब्यूनल ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराते हुए उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई।

मौत की सजा के बावजूद बांग्लादेश लौटना चाहती हैं हसीना
शेख हसीना लगातार कह रही हैं कि वह हर हाल में बांग्लादेश लौटेंगी। इस महीने की शुरुआत में भी उन्होंने देश वापस आने का संकल्प दोहराया था। दिसंबर में उनकी संभावित वापसी की चर्चाओं ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। पिछले दो हफ्तों में हसीना ने ब्रिटेन की एक लॉ फर्म के जरिए नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग को दो पत्र भेजे। इनमें उन्होंने अपना पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र वापस मांगा, ताकि बांग्लादेश लौटने का रास्ता साफ हो सके। हालांकि, बांग्लादेश ने उनकी मांग ठुकरा दी है।

हिंसा में चार लोगों की मौत, सैकड़ों गिरफ्तार
बांग्लादेश में हालिया हिंसा के दौरान अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। सरकारी बयानों और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कम से कम चार पुलिस ठिकानों और 28 पुलिस वाहनों को आग लगा दी गई। इसके अलावा बसों समेत 83 अन्य वाहन भी जला दिए गए। सबसे ज्यादा हिंसा हसीना के गृह जिले गोपालगंज में देखने को मिली है। इसे अवामी लीग का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां दो पुलिस थानों में आगजनी की गई। हालात संभालने के लिए सरकार ने बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के सैकड़ों जवानों को तैनात किया है। वहीं, 1 से 17 नवंबर के बीच राजनीतिक हिंसा से जुड़ी गतिविधियों के आरोप में 528 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। भारत से लगने वाली सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

भारत से हसीना के प्रत्यर्पण की मांग
यूनुस की अंतरिम सरकार और अब प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व वाली चुनी हुई सरकार, दोनों ही भारत से शेख हसीना को बांग्लादेश सौंपने की मांग कर चुकी हैं। भारत ने प्रत्यर्पण का अनुरोध मिलने की पुष्टि की है, लेकिन अभी तक उन्हें बांग्लादेश भेजने पर कोई फैसला नहीं लिया है। भारत का कहना है कि मामले की जांच तय कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।

ये भी पढ़ें: लीबिया के नौसैनिक अड्डे पर ड्रोन हमला: भूमध्य सागर में रूस को यूक्रेन का बड़ा झटका, जंगी जहाज डुबोने का दावा
विज्ञापन


अवामी लीग के खिलाफ सड़कों पर उतरने की तैयारी
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने पिछले हफ्ते अवामी लीग पर आरोप लगाया कि वह सीमा पार बैठे अपने समर्थकों को खुश करने के लिए देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रही है। पार्टी के देशव्यापी लॉकडाउन के आह्वान के बाद कई इलाकों में हिंसा हुई थी। रहमान ने अपनी पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के सांसदों को अपने चुनाव क्षेत्रों में लौटने और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अवामी लीग का मुकाबला करने को कहा है। दूसरी ओर, मुख्य विपक्षी दल जमात-ए-इस्लामी ने शनिवार से 40 दिनों के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की शुरुआत कर दी है। रैली में पार्टी के महासचिव मियां मोहम्मद पोरवार ने कहा कि वे जनता के साथ मिलकर फासीवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे। उनके इस बयान को अवामी लीग के खिलाफ संदेश माना जा रहा है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें