अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी को जन्मदिन की बधाई देते हुए
- फोटो : एक्स
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी 48 साल की हो गईं। उनके लिए बुधवार का दिन बड़ा ही खास और हैरान करने वाला था। दरअसल, अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा ने कुछ अलग अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी। एडी रामा मेलोनी को देखते ही उनके लिए घुटनों पर बैठ गए और स्कार्फ उपहार में दिया। इतना ही नहीं उन्होंने गाना गाकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। बता दें, ये दिलचस्प वाकया संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में हुआ, जहां कई देशों के राष्ट्र प्रमुख वर्ल्ड फ्यूचर एनर्जी समिट में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।
अचानक घुटनों पर बैठे रामा
काफी लंबे रामा के सामने जब इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी आईं तो उन्होंने घुटनों पर बैठकर उनके लिए तांती अगुरी (हैप्पी बर्थडे) गाना गाया और फिर उन्हें उपहार में स्कार्फ दिया। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों से मेलोनी को स्कार्फ पहनाया, तो वहां मौजूद दूसरे नेता तालियां बजाने लगे।
क्यों खास है स्कार्फ?
यह स्कार्फ काफी खास था। रामा ने बताया कि यह हल्के वजन का स्कार्फ एक इतालवी डिजाइनर ने बनाया है, जो अब अल्बानिया में रहता है। यह गिफ्ट दोनों देशों के बीच मजबूत सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है। बता दें, दोनों नेताओं के बीच अच्छे कामकाजी संबंध हैं। हालांकि, दोनों विपरीत राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े हुए हैं। मेलोनी दक्षिणपंथी पार्टी ब्रदर्स ऑफ इटली का नेतृत्व करती हैं, जबकि रामा अल्बानिया की सोशलिस्ट पार्टी के प्रमुख हैं।
यह समझौता हो चुका है
पिछले साल, मेलोनी और रामा ने एक समझौता किया था, जिसके तहत इटली द्वारा समुद्र से पकड़े गए प्रवासियों को अल्बानिया के हिरासत केंद्रों में भेजने की योजना बनाई गई थी। हालांकि ये केंद्र अभी कानूनी समस्याओं के कारण बंद हैं, फिर भी यह समझौता दोनों देशों के सहयोग को दर्शाता है।
इस पर बनी सहमति
बुधवार को शिखर सम्मेलन में, इटली, अल्बानिया और संयुक्त अरब अमीरात ने एड्रियाटिक सागर में नवीकरणीय ऊर्जा के लिए समुद्र के नीचे इंटरकनेक्शन बनाने के लिए कम से कम 1 अरब डॉलर के समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह सहयोग दोनों देशों के बीच बढ़ते समझौते और सहयोग को दिखाता है, जो क्षेत्रीय स्थिरता और पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है।