प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के आठ पूर्व नौसैनिकों को जेल से रिहा कर स्वदेश भेजने के लिए कतर के अमीर शेख तमीम बिन हामिद अल थानी को शुक्रिया कहा है। विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने पीएम मोदी और अमीर शेख तमीम बिन हामिद अल थानी में हुई द्विपक्षीय मुलाकात की जानकारी देते हुए बताया कि पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों के लिए अमीर का धन्यवाद किया। यह मुलाकात पूर्व नौसैनिकों की रिहाई के तीन दिन बाद हुई है। इन सभी पूर्व नौसैनिकों को कतर की अदालत ने पिछले साल मौत की सजा सुनाई थी, जिसे दिसंबर में जेल की सजा में बदल दिया गया था। 12 फरवरी को सभी को रिहा कर दिया गया। क्वात्रा ने बताया, पीएम और अमीर के बीच वार्ता में व्यापार व निवेश बढ़ाने के साथ ऊर्जा, अंतरिक्ष, सांस्कृतिक व नागरिकों के बीच संबंध और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
भारत-कतर के मजबूत संबंधों से दुनिया को होगा फायदा...
पीएम मोदी ने गुरुवार को दोहा में कतर के अमीर शेख तमीम से मुलाकात के बाद कहा कि भारत और कतर के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों पक्ष भविष्योन्मुखी क्षेत्रों में सहयोग और बढ़ाने पर ध्यान दे रहे हैं। पीएम मोदी ने भेंट के बाद सोशल मीडिया पर लिखा, शेख तमीम बिन हमद के साथ शानदार मुलाकात हुई। हमने भारत-कतर संबंधों की पूर्ण समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर विचार किया। दोनों देश भविष्योन्मुखी क्षेत्रों में सहयोग के लिए भी इच्छुक हैं, जिसका लाभ हमारी पूरी धरती को होगा। भारत-करत का रिश्ता लगातार मजबूत हो रहा है।
विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने बताया, दोनों नेताओं की बातचीत प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग और क्षेत्रीय मुद्दों पर तालमेल बढ़ाने, तीसरे देशों में साझेदारी पर विचार करने और समग्र संबंधों को लेन-देन के बजाय रणनीतिक दृष्टिकोण से देखने पर केंद्रित रही। दोनों नेताओं ने ऊर्जा के क्षेत्र में रणनीतिक निवेश और रणनीतिक साझेदारी की आवश्यकता और इस क्षेत्र में क्रेता-विक्रेता संबंध से आगे बढ़ने के बारे में भी बात की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, वार्ता बेहद सफल रही। बातचीत व्यापार और निवेश बढ़ाने और ऊर्जा, अंतरिक्ष, सांस्कृतिक व नागरिकों के बीच संबंध और मजबूत करने जैसे व्यापक मुद्दों पर केंद्रित थी। उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की।
पीएम मोदी यूएई की दो दिवसीय यात्रा के बाद बुधवार रात कतर की राजधानी दोहा पहुंचे। दोहा पहुंचने के तत्काल बाद पीएम ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी के साथ बैठक की। शेख अब्दुलरहमान कतर के विदेश मंत्री भी हैं। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर बताया कि दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश बढ़ाने समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। इसके अलावा पश्चिम एशिया की हालिया घटनाओं पर भी विचार-विमर्श किया। बैठक के बाद कतर के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी के लिए भोज का आयोजन किया। पीएम मोदी का यह दूसरा कतर दौरा है। इसके पहले 2016 में उन्होंने यहां की यात्रा की थी।