प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच ने एक दूसरे को तोहफे भेंट किए
- फोटो : ANI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को क्रोएशिया की राजधानी जाग्रेब में क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को तोहफे भेंट किए और जाग्रेब स्थित बंस्की द्वोरी में एक विशेष पुस्तक पर हस्ताक्षर भी किए। वहीं दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी हुई। इसके साथ ही पीएम मोदी को जाग्रेब में भव्य और स्नेहभरे स्वागत के साथ औपचारिक सम्मान भी दिया गया।
अपने तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में पीएम मोदी ने क्रोएशिया में भारतीय समुदाय से भी मुलाकात की। इसके बारे में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि क्रोएशिया की भारतीय समुदाय ने देश की तरक्की में योगदान दिया है और भारत से जुड़े अपने मूल को भी संभाल कर रखा है।
वेजडिन के संस्कृत व्याकरण का पुनर्मुद्रण उपहार
क्रोएशियाई प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वेजडिन के संस्कृत व्याकरण का पुनर्मुद्रण उपहार में दिया। यह भारतीय भाषाओं और संस्कृति पर बेहतरीन कार्य है, जो दोनों देशों के बीच सदियों पुराने घनिष्ठ सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है।
बता दें कि वेजडिन का संस्कृत व्याकरण 1790 में क्रोएशियाई वैज्ञानिक और मिशनरी फिलिप वेजडिन द्वारा भारत में बिताए गए समय के दौरान लैटिन में लिखा गया पहला मुद्रित संस्कृत व्याकरण है। इसके साथ ही उन्होंने क्रोएशिया और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर एक पुस्तक भी भेंट की
ये भी पढ़ें:- India-Croatia Ties: भारत और क्रोएशिया के बीच हुए कई अहम समझौते, पीएम मोदी बोले- आतंकवाद मानवता का दुश्मन
भारतीय समुदाय के लोगों से मिले पीएम
साथ ही पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात के बारे में आगे कहा कि जाग्रेब में भारतीय समुदाय के कुछ सदस्यों से मिला, जिन्होंने मुझे बेहद यादगार स्वागत दिया। यहां के भारतीयों में इस यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह है, जो भारत और क्रोएशिया के रिश्तों को और मजबूत करेगा।
ये भी पढ़ें:- G7: 'आप सबसे बेहतरीन, आपकी तरह बनने की कोशिश कर रही...', PM मोदी से मुलाकात के दौरान बोलीं मेलोनी
पीएम मोदी का क्रोएशिया में भव्य स्वागत
बुधवार को क्रोएशिया पहुंचे पीएम मोदी का जोरदार स्वागात किया। इस मौके पर भारत की शास्त्रीय नृत्य शैली कथक की प्रस्तुति भी हुई। प्रधानमंत्री मोदी के सामने कथक नर्तक-नर्तकियों ने तालबद्ध नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। क्रोएशिया की कथक कलाकार आना ने इस अवसर पर कहा कि मैंने भारत में कथक सीखा है, अब मैंने यहां एक स्कूल शुरू किया है और ये मेरे छात्र हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लिए ये बहुत बड़ा सम्मान है कि हम पीएम मोदी के सामने प्रस्तुति दे रहे हैं, हमें भारतीय संस्कृति से बहुत प्रेम है।