कैलिफोर्निया में ट्रेन ने क्रैश विमान को मारी टक्कर।
- फोटो : Social Media
अमेरिका के कैलिफोर्निया में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक विमान अचानक ही असंतुलित होकर रेल पटरियों पर जा गिरा। चौंकाने वाली बात यह है कि क्रैश के बाद पायलट विमान के अंदर ही फंस गया था। हालांकि, इससे पहले कि ट्रेन विमान को टक्कर मारकर किसी की जान ले पाती, एक पुलिसवाले ने चौकसी दिखाते हुए पायलट को कुछ सेकंड्स पहले ही प्लेन से निकाल लिया।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसमें क्रैश विमान को पटरियों पर गिरा देखा जा सकता है। साथ ही कुछ पुलिसवालों को ट्रेन आने से पहले पायलट को निकालने की कोशिश करते भी दिखाया गया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, यह विमान कैलिफोर्निया के ही पैकोइमा से उड़ा था और कुछ दूर जाकर तकनीकी खराबी के कारण रेल पटरियों पर क्रैश हो गया था।
वीडियो में पायलट के सिर से खून निकलता देखा जा सकता है। हालांकि, इससे पहले कि ट्रेन करीब आती, पुलिसवालों ने पायलट को निकाल लिया और ट्रैक से किनारे कर दिया। वीडियो के आखिर में ट्रेन को पटरियों पर पड़े विमान के मलबे के परखच्चे उड़ाते हुए देखा जा सकता है। इसमें प्लेन के हिस्से उड़ते हुए आसपास गिर जाते हैं।
लॉस एंजेलिस पुलिस विभाग ने इस बहादुरी के लिए अपने पुलिसकर्मियों की तारीफ की है। एक ट्वीट में डिपार्टमेंट की ओर से कहा गया, "क्रैश हुए विमान के पायलट को बचाने में पुलिसकर्मियों ने जबरदस्त हिम्मत और तेजी दिखाई।" बताया गया है कि पायलट को कुछ चोटें आई थीं, जिनका इलाज जारी है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।