पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर गुजरांवाला रैली में हुए हमले के बाद गिरफ्तार किए गए आरोपियों की रिहाई के लिए लाहौर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। इस याचिका में तर्क दिया गया है कि मामले में आरोपी बनाए गए लोगों को अवैध रूप से हिरासत में लिया गया है। इस याचिका में पूर्व प्रधानमंत्री की हत्या के प्रयास में प्राथमिकी में नामजद हमलावर को रिहा करने की मांग की गई है।
पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार
पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान पर गोली चलाने वाले व्यक्ति को पुविस ने हिरासत में लिया था। पंजाब पुलिस ने मंगलवार को इमरान खान पर हत्या की कोशिश में प्राथमिकी दर्ज की और मामले में मुख्य आरोपी के रूप में हिरासत में लिए गए नवीद मोहम्मद बशीर को नामित किया। पुलिस ने यह भी बताया कि बशीर का अपराध कबूल करने के बाद उन्होंने उसे घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में इस मामले में दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इन दोनों संदिग्धों ने ही खान पर गोलीबारी करने वाले नवीद मोहम्मद बशीर को पिस्तौल और गोलियां बेची थीं।
उसका एक बयान भी वायरल हुआ था। हमलावर ने अपने बयान में कहा कि वह लाहौर से इमरान का पीछा कर रहा है और उनकी हत्या की योजना बना रहा था। उसने कहा, इमरान खान जनता को गुमराह कर रहे हैं। उसने कहा, ‘‘मैंने उन्हें मारने की पूरी कोशिश की। मैं सिर्फ इमरान खान को मारना चाहता था और किसी को नहीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रांतीय शीर्ष अदालत के रजिस्ट्रार कार्यालय ने सोमवार को लाहौर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश मुहम्मद अमीर भट्टी को एक फाइल भेजकर बशीर को अवैध हिरासत से रिहा करने की मांग की है। याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत से अवैध रूप से हिरासत में लिए गए बशीर को तत्काल आधार पर रिहा करने का आग्रह करते हुए कहा कि उनका मामले से कोई लेना-देना नहीं है। हालांकि, एलएचसी के रजिस्ट्रार कार्यालय ने याचिकाकर्ता पर आपत्ति जताई है कि याचिका दायर करने वाला व्यक्ति न तो प्रभावित व्यक्ति है और न ही प्रभावित व्यक्ति के परिवार से संबंधित है।
इमरान पर हमले के छह दिन बाद एफआईआर दर्ज
इमरान खान पर हुए जानलेवा हमले के छह दिन बाद पंजाब प्रांत की पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पंजाब पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के अल्टीमेटम के बाद एफआईआर दर्ज की है। दर्ज प्राथमिकी में मुख्य आरोपी के रूप में हिरासत में लिए गए हमलावर नवीद मोहम्मद बशीर का नाम शामिल किया गया है। हालांकि, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह और पाकिस्तान के वरिष्ठ सेना अधिकारी मेजर जनरल फैसल नसीर का नाम इसमें शामिल नहीं किया गया है। इमरान खान ने तीनों पर हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप लगाया था।
इमरान समर्थक ने विरोध में दीवार पर किया स्प्रे पेंट
वहीं, दूसरी ओर लंदन में इमरान खान के समर्थक ने पीएमएल-एन सुप्रीमो नवाज शरीफ के बेटे हुसैन के दफ्तर के बाहर की दीवार पर स्प्रे पेंट कर दिया। लंदन में यह अपराध की श्रेणी में आता है। घटना सोमवार शाम की है। पीटीआई ने इस फोटो को पोस्ट किया था, जिस पर लिखा था- आप इमरान खान को नहीं मार सकते।