पेरू में शनिवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में कम से कम 13 लोगों की जान चली गई। समाचार एजेंसी अल जज़ीरा ने पुलिस के हवाले से यह जानकारी दी है। विमान यात्रियों को प्रसिद्ध नाजका लाइन्स दिखाने ले जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों में अधिकतर पर्यटक थे।
किस ऑपरेटर का था विमान?
विमान दुर्घटना के बारे में स्थानीय पुलिस अधिकारी- मेजर जॉर्ज एंड्रेड ने कहा कि 11 यात्री और दो चालक दल के सदस्य मारे गए हैं। दुर्घटनास्थल पर पहुंची स्थानीय मीडिया के हवाले से आई खबरों में बताया गया कि विमान क्रैश होने के बाद तुरंत आग लग गई। तत्काल राहत और बचाव अभियान चलाना असंभव हो गया। विमान ने इका विभाग के पिस्को से उड़ान भरी थी। दुर्घटनाग्रस्त विमान पेरू के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराने वाली ऑपरेटर एयरोडियाना के बेड़े का था। दुर्घटना के कारणों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
नाजका लाइन्स इतना लोकप्रिय क्यों?
दरअसल, पेरू प्रमुख अंतरराष्ट्रीय यात्रा गंतव्य है, जो दुनिया भर से पर्यटकों को आकर्षित करता है। नाजका लाइन्स देश के दक्षिणी तट के पास रेगिस्तानी क्षेत्र में स्थित हैं, जो एंडीज पर्वत श्रृंखला के किनारे फैली हुई हैं। 500 ईसा पूर्व से 500 ईस्वी के बीच की इन आकृतियों को यूनेस्को ने विश्व विरासत स्थल घोषित कर रखा है। यूनेस्को इन्हें 'पुरातत्व के सबसे बड़े रहस्यों में से एक' बताता है।
ऐतिहासिक भू-आकृतियों में क्या?
यहां आने वाले पर्यटक भू-आकृतियों में शामिल- जीवित प्राणियों, शैलीबद्ध पौधों और काल्पनिक जीवों को देखने जाते हैं। इनमें कई किलोमीटर लंबी ज्यामितीय आकृतियां भी शामिल हैं। यूनेस्को के अनुसार, इनका अनुष्ठानिक खगोलीय कार्य माना जाता है। इन प्राचीन आकृतियों को मुख्य रूप से विमान से देखा जाता है। यात्री बंदर, हमिंगबर्ड और बिल्लियों जैसे जानवरों के नक्काशीदार चित्रण स्पष्ट रूप से देख पाते हैं।