US: अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन की कई इमारतों और गलियारों को वायु गुणवत्ता में समस्या का पता चलने के बाद एहतियातन बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि निगरानी प्रणालियों ने हवा में गड़बड़ी की सूचना दी, जिसके बाद जांच शुरू की गई है। पढ़िए रिपोर्ट-
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय में गुरुवार को कई इमारतों और गलियारों को बंद कर दिया गया। यह कदम तब उठाया गया, जब भवन की निगरानी प्रणालियों ने वायु गुणवत्ता की समस्या का पता लगाया।
विज्ञापन
पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने कहा कि इमारत की निगरानी करने वाली प्रणालियों ने हवा की गुणवत्ता से जुड़ी एक समस्या का पता लगाया है। इसके बाद अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि समस्या क्या है और कितनी गंभीर है।
पार्नेल ने बयान में कहा, पेंटागन में इमारत और वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए आधुनिक प्रणालियां लगी हुई हैं। इन प्रणालियों ने हवा की गुणवत्ता से जुड़ी एक समस्या का पता लगाया है। इसकी गंभीरता का पता चलने तक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, विभाग सामान्य सुरक्षा नियमों के तहत काम कर रहा है। इसके तहत प्रभावित इलाके में मौजूद लोगों को वहीं रहने का आदेश दिया गया है। सहायता टीमें मौके पर मौजूद हैं और जरूरत पड़ने पर लोगों की मदद के लिए तैयार हैं।
आर्लिंगटन काउंटी दमकल विभाग ने कहा कि खतरनाक पदार्थ से जुड़ी एक घटना के दौरान उसकी विशेष टीम पेंटागन पहुंची। यह टीम पेंटागन फोर्स प्रोटेक्शन एजेंसी की खतरनाक पदार्थों से निपटने वाली टीम की मदद कर रही है।