फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अफगानिस्तान विमान क्रैश: यात्री नहीं अमेरिकी सैन्य विमान गिरा, तालिबान ने मार गिराने का दावा किया

Mon, 27 Jan 2020 09:27 PM IST
अमित कुमार वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
Afghan Plane Crash - फोटो : Social Media
विज्ञापन

अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत गजनी में सोमवार विमान क्रैश का मामला उलझता दिख रहा है। पहले कहा जा रहा था कि यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, लेकिन शाम होते-होते अमेरिकी सैन्य विमान के गिराए जाने की खबरें सामने आने लगीं। यह हादसा तालिबान के नियंत्रण वाले क्षेत्र में हुआ है। 

विज्ञापन


सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से लग रहा है कि यह अमेरिकी वायु सेना का इलेक्ट्रॉनिक निगरानी विमान था। स्थानीय मीडिया के मुताबिक विमान के सामने दो शव देखे गए हैं। तालिबान के प्रवक्ता जबिउल्लाह मुजाहिद ने कहा कि गजनी प्रांत में अमेरिकी वायु सेना का विमान क्रैश हुआ है। उसने दावा किया कि इसमें सवार अधिकतर लोग मारे गए हैं। हालांकि यह समूह अक्सर मरने वालों की संख्या को बढ़ा चढ़ाकर बताया गया है। स्थानीय मीडिया टोलो न्यूज ने इस घटना का वीडियो साझा किया है, लेकिन उसने भी इसके यात्री या सैन्य विमान होने की पुष्टि नहीं की है। 



अमेरिका की सेंट्रल कमांड की प्रवक्ता मेजर बीथ रियोरदन ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह किसका विमान था। मामले की जांच चल रही है। इससे पहले अफगानिस्तान की सरकारी एयरलाइन कंपनी ‘आरियाना अफगान एयरलाइन्स’ ने भी इनकार किया था कि उसका कोई विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। गज़नी प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता आरिफ नूरी ने भी कहा था कि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह यात्री विमान था या सैन्य विमान। 
विज्ञापन


आरिफ नूरी ने कहा, गजनी प्रांत के देह यक जि़ले में स्थानीय समयानुसार दोपहर एक बज कर 10 मिनट (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार आठ बजकर 40 मिनट) के करीब एक विमान हादसे का शिकार हो गया। विमान में आग लगी हुई है और ग्रामीण इसे बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, हम अब भी नहीं जानते हैं कि क्या यह सैन्य विमान था या वाणिज्यिक। प्रांत में पुलिस के एक प्रवक्ता ने भी विमान हादसे की पुष्टि की लेकिन उन्हें विमान के बारे में जानकारी नहीं थी। सोशल मीडिया पर अलग-अलग जानकारियां आ रही हैं। कुछ लोगों का दावा है कि विमान सरकारी आरियाना अफगान एयरलाइंस का है, लेकिन कंपनी ने कहा है कि अफवाहें ‘सही नहीं हैं।’

कंपनी ने फेसबुक के अपने पेज पर कहा, आरियाना अफगान एयरलाइंस की सभी उड़ानें सामान्य तरीके से पूरी हुई हैं। अफगानिस्तान के नागर विमानन प्राधिकरण ने भी इन रिपोर्टों का खंडन किया है कि हादसे का शिकार होने वाला वाणिज्य विमान है।

प्राधिकरण ने कहा, नियंत्रण टावर और यातायात नियमन प्राधिकरण से मिली हमारी जानकारी के मुताबिक, कोई भी वाणिज्य उड़ान दुर्घटनाग्रस्त नहीं हुई है। आरियाना अफगान एयरलाइंस ने हमें पुन: आश्वस्त किया है कि उनके सारे विमान सही हैं।

गजनी प्रांत में ग्रामीण इलाकों का बड़ा हिस्सा तालिबान के कब्ज़े या प्रभाव में है। इसलिए अधिकारियों के लिए इलाके में पहुंचना मुश्किल है। तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद ने कहा कि वे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के दावों की जांच कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने इसके अलावा कुछ नहीं कहा

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें